बच्चों में होनी चाहिए खुद से खाना खाने की आदत

By AV NEWS

छोटे बच्चों की परवरिश में सबसे ज्यादा दिक्कत उन्हें खाना खिलाने में आती है। वे जितना खाते नहीं हैं उससे ज्यादा इधर उधर गिराते चलते हैं। ऐसे में हर माँ बाप यही चाहते हैं कि उनका बच्चा जल्दी से खुद से खाना सीख जाए। आपको बता दें कि छोटे बच्चों में इस स्किल को डेवलप करना इतना मुश्किल भी नहीं है अगर आप थोड़ी सी मेहनत करें तो बच्चे आसानी से इस आदत को सीख सकते हैं। आइए जानते हैं बच्चे को खुद से खाना खाने की आदत कैसे सिखाएं?

खाना पकड़ना सिखाएं 

खाना खाते समय किस चीज को कैसे खाना है, इस बात की जानकारी होने पर आपका बच्चा आसानी से सेल्फ फीडिंग कर सकता है। इसलिए आपको 3 साल के बच्चे को हाथों से फल, रोटी, सब्जी या अन्य खाद्य पदार्थों को कैसे पकड़ना है, इसके बारे में जरूर बताएं। इस बात की जानकारी होने से आपका बच्चा आसानी से खुद से चीजों को खाना सीख जाएगा।

उन्हें अपनी मर्ज़ी से खाने दें 

बच्चे अगर चम्मच से खाना पसंद कर रहे हैं तो उन्हें चम्मच से खाने दें और अगर वे अपने हाथो से खा रहे हैं तो उन्हें हाथ से खाने दें। शुरुवात वे जिस भी माध्यम से करें ये मायने नहीं रखता है बल्कि पूरा ध्यान सिर्फ उनके खुद से खाने की आदत पर होना चाहिये।

थोड़ा-थोड़ा खाना दें 

बच्चों को सेल्फ फीडिंग सिखाते समय आपको इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए। कई बार पेरेंट्स बच्चों के सामने बहुत ज्यादा भोजन परोस देते हैं, इसे देखकर बच्चों का मन भर जाता है। इसलिए सेल्फ फीडिंग सिखाते समय बच्चों के सामने एक बार में बहुत ज्यादा भोजन नहीं परोसना चाहिए। आप जरूरत पड़ने पर उन्हें दोबारा भोजन परोस सकते हैं। शुरुआत में उनकी प्लेट में कम मात्रा में भोजन परोसें और उन्हें खुद खाने को कहें।

छोटे टुकड़े करके दें 

उनके साथ बैठे और उनसे बातें करें और इसी दौरान ब्रेड या किसी भी खाने वाली चीज के छोटे टुकड़े करके उनके सामने रख दें। फिर उनको एक एक करके उठाकर खाने की सलाह दे और सही तरीका समझाएं। हो सके तो खुद खाकर भी दिखाएं।

उन्हें डाटें नहीं 

बच्चों को सेल्फ फीडिंग सिखाते समय इस बात को लेकर तैयार रहें कि खुद से भोजन करते समय बच्चा भोजन इधर-उधर गिरा भी सकता है। इसके अलावा बच्चों के कपड़े आदि पर भी भोजन लग सकता है। इसलिए बच्चों को सेल्फ फीडिंग सिखाते समय आपको उनकी इस आदत को लेकर गुस्सा नहीं करना चाहिए। धीरे-धीरे आदत विकसित होने पर बच्चा खुद सही ढंग से खाना सीख जाएगा।

चीजों को मजेदार बनाएं

बच्चों को सेल्फ फीडिंग सिखाते समय आप भोजन को थोड़ा इंटरेस्टिंग या मजेदार बनाएं। एक ही जैसा या बोरिंग तरीके से खाने को परोसने की जगह उन्हें अलग-अलग अंदाज में भोजन परोसें। इससे बच्चे में खुद से खाना खाने की इच्छा जगेगी। बच्चों को अलग-अलग तरह की प्लेट और कटोरी में भोजन दें।

Share This Article