देश के आधे से ज्यादा राज्यों में ठंड और घने कोहरे का सिलसिला जारी

देश के आधे से ज्यादा राज्यों में ठंड और घने कोहरे का सिलसिला जारी है। हिमाचल प्रदेश के कुफरी में मंगलवार (9 जनवरी) को इस साल पहली बार बर्फबारी हुई। इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बर्फबारी के बाद कुकुमसेरी में -8.6 डिग्री, कुफरी में -0.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश के कई शहरों में बुधवार (10 जनवरी) की सुबह घना कोहरा छाया रहा। भोपाल में सुबह 5 बजे विजिबिलिटी 50 मीटर दर्ज की गई। यहां रिमझिम बारिश भी हुई। IMD ने एमपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई है। अगले 2-3 दिन के बाद राज्य में ठंड का असर बढ़ेगा।
राजस्थान के बिकानेर और जयपुर में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी 25 और 50 मीटर रही। कुछ ऐसा ही हाल जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, बिहार, यूपी और ओडिशा के जिलों में भी रहा।
यूपी के सभी जिलों में आज घने कोहरे का यलो अलर्ट है। 10 जिलों में बारिश और ओले गिरने के आसार हैं। राज्य में 12 जनवरी से मौसम साफ होगा। धूप निकलने की संभावना है। हालांकि, तापमान में लगातार गिरावट होगी। इससे ठंड बढ़ने की आशंका है।
महाराष्ट्र और गुजरात में भी आज गरज और चमक के साथ बूंदाबांदी का अनुमान है। मुंबई में मंगलवार देर रात बारिश हुई। इसके अलावा तमिलनाडु और केरल के लिए भी बारिश का अलर्ट है। यहां अगले दो दिनों तक बारिश जारी रहने की आशंका है।









