Advertisement

एक दिन छोड़कर जलप्रदाय के बाद भी शहर में नहीं बढ़ी टैंकरों की डिमांड

अफसर बोले- जल संकट से निपटने के पहले से इंतजाम, अतिरिक्त ट्रैक्टर-टैंकर भी अटैच किए

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 1 अप्रैल से शहर में एक दिन छोड़कर जलप्रदाय की व्यवस्था लागू कर दी गई है। पीएचई अफसरों का कहना है कि जिन क्षेत्रों में कम दबाव से पर्याप्त मात्रा में जलप्रदाय नहीं होने की शिकायत मिलेंगी वहां टैंकरों से पानी पहुंचाया जायेगा, लेकिन पिछले पांच दिनों से कोई डिमांड विभाग के पास नहीं पहुंची है।

पीएचई अफसरों ने बताया कि उज्जैन उत्तर व दक्षिण क्षेत्र में एक दिन छोड़कर पेयजल सप्लाय किया जा रहा है। शहरवासी भी पेयजल संकट की स्थिति को समझ चुके हैं। उनके द्वारा पेयजल की बचत भी की जा रही है। यही कारण है कि अब तक विभाग के टैंकर सेक्शन के पास पानी के टैंकरों की डिमांड नहीं पहुंची है। अफसरों ने बताया कि पंड्याखेड़ी, पंवासा, शंकरपुर क्षेत्र में वर्ष भर टैंकरों से पानी सप्लाय होता है वहां आज भी टैंकर पहुंचाये जा रहे हैं। नागझिरी क्षेत्र के कुछ इलाकों से टैंकरों की डिमांड आई थी जहां आपूर्ति की जा रही है। इसके अतिरिक्त शहर के किसी भी हिस्से से पानी के टैंकरों की डिमांड नहीं आई है।

Advertisement

जलप्रदाय नहीं होने पर नि:शुल्क पहुंचेंगे टैंकर

पेयजल सप्लाय के दिन किसी कारण से शहर के किसी भी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति नहीं हो पाती अथवा कम दबाव से जलप्रदाय होता है उस स्थान पर पीएचई द्वारा नि:शुल्क पानी के टैंकर पहुंचाकर पानी की आपूर्ति की जाएगी। ऐसी स्थिति निर्मित होने पर क्षेत्र के लोग पीएचई के फोन नंबर -0734-2535300 और मोबाइल नंबर ९४०६८०१०४४ पर सूचना देकर टैंकर बुला सकते हैं।

Advertisement

विभाग के पास 49 टैंकर और 60 ट्रैक्टर हैं

पीएचई के पास वर्तमान में 47 चार पहिया ट्रैक्टर ट्राली से अटैच होकर चलने वाले 3 हजार और 4 हजार लीटर कैपेसिटी के टैंकर हैं। इनके लिये 60 ट्रेक्टर भी उपलब्ध हैं। वहीं 2 टैंकर 12 हजार लीटर के भी उपलब्ध हैं। उक्त वाहनों को चलाने के लिये विभाग के पास पर्याप्त संख्या में ड्रायवर उपलब्ध हैं। विभाग द्वारा एक दिन छोड़कर जलप्रदाय शुरू होने की स्थिति में 7 ट्रैक्टर-टैंकर किराये पर भी लिये हैं।

टंकियों को हाईडेंट से भर रहे टैंकर

जलसंकट की स्थिति में पीएचई द्वारा चिन्हित कुएं, ट्यूबवेल, बोरिंग आदि से पानी लेकर टैंकरों को भरा जाता है। वर्तमान में पानी के टैंकरों की डिमांड अधिक नहीं है इस कारण टैंकरों को पानी की टंकियों पर बने हाईडेंट से भरकर चलाया जा रहा है। सामान्य दिनों की तरह इन टैंकरों से रोड़ डिवाइडर में लगे पौधे, नगर निगम के उद्यानों, सुलभ शौचालयों की टंकियों को भरा जाता है।

टैंकर चाहिये तो 250 रुपये जमा करना होंगे

पीएचई अफसरों ने बताया कि किसी भी व्यक्ति, संस्था को व्यक्ति गत रूप से पानी के टैंकर की आवश्यकता है तो उसे गऊघाट स्थित टैंकर सेक्शन पहुंचकर 250 रुपये निर्धारित शुल्क जमा कर बुकिंग कराना होगी। उक्त टैंकर संबंधित स्थान पर खाली कर दिया जायेगा। यदि कोई व्यक्ति टैंकर को 10 घंटे खड़ा रखना चाहता है तो उसे 360 रुपये शुल्क देना होगा और इसके अतिरिक्त समय के लिये 10 रुपये प्रतिघंटा चार्ज लगेगा।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें