मुख्यमंत्री ने खुद चलाई अपने घर पर गैंती, खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक के बीच टूटने लगे मकान

सड़क 15मीटर चौड़ी होगी, अभी चौड़ाई 6 से 8 फीट है, इससे करीब 272 मकान प्रभावित होंगे
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ की तैयारियों के तहत मास्टर प्लान के मुताबिक शहर में चल रहे चौड़ीकरण काम में रविवार को उस समय तेजी आ गई, जब खजूरवाली मस्जिद-गणेश चौक सड़क के चौड़ीकरण में सीएम डॉ. मोहन यादव ने खुद अपने मकान पर गैंती चलाई। इसके बाद यहां के बांशिदों ने अपने मकान-दुकान तोडऩे शुरू कर दिए।
इस सड़क पर सीएम डॉ. मोहन यादव के दादा का पैतृक और बहन निगम सभापति कलावती यादव का मकान आता है। यह सड़क 15 मीटर चौड़ी होगी। करीब 272 मकान प्रभावित होंगे। इसके सीएम और उनकी बहन का मकान शामिल है। रविवार सुबह सीएम ने पहले पूजा की और उसके बाद मकान पर गैंती चलाई। इस दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, महामंत्री जगदीश पांचाल खासतौर पर उपस्थित थे।

दरअसल, सिंहस्थ में इस मार्ग पर भी काफी दबाव रहता है। रामघाट से अंकपात क्षेत्र तरफ जाने वाले यह रास्ता खजूरवाली मस्जिद से शुरू होता है और अब्दालपुरा से होते हुए जीवाजीगंज थाने के पास तक जाता है। मार्ग की अभी चौड़ाई 6 से 8 फीट है और वार-त्योहार के समय यहां से निकलना मुश्किल भरा हो जाता है। जुलूस-चलसमारोह के बीच ट्रैफिक फंसा रहता है। अब 9.80 करोड़ करोड़ रुपए से यह सड़क 730 मीटर लंबी बनेगी।


नोटिस प्रक्रिया पहले ही हो चुकी थी पूरी
मार्ग चौड़ीकरण के दायरे में 272 भवन आ रहे हैं। नगरनिगम की टीम नपती, मार्किंग और प्रभावित भवन मालिकों को नियमानुसार नोटिस देने की कार्रवाई पूरी कर चुकी है। चूंकि चौड़ीकरण के अलावा कोई चारा नहीं है, इसलिए लोगों ने स्वयं ही अपने मकान के हिस्से तोडऩे शुरू कर दिए है। क्षेत्रीय रहवासी विनोद राठौड़ और रवींद्र कुमार राठौर ने बताया कि अभी मौजूदा मार्ग संकरा है। यहां ट्रैफिक का दबाव भी खूब रहता है। चौड़ीकरण से सड़क ठीक हो जाएगी। विकास के लिए सहयोग तो करना ही पड़ता है।
चौड़ीकरण का सबको मिलेगा लाभ
नागरिकों के सहयोग और समन्वय से विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करेंगे। सड़क चौड़ी होने से यातायात सुगम होगा और क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी। इसका लाभ सभी को मिलेगा।
अभिलाष मिश्रा, निगमायुक्त
सोमवारिया से कार्तिक चौक तक होगा सड़क का चौड़ीकरण
नपती करने और अतिक्रमण हटाने का काम भी होगा
करीब 17.69 करोड़ की लागत से तैयार होगी सड़क
उज्जैन। पुराने शहर के जूना सोमवारिया (वीर दुर्गादास मार्ग) से कार्तिक चौक तक सड़क चौड़ीकरण किया जाएगा। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने आधिकारिक निविदा जारी कर दी है। हालाकि निविदा सूचना में मार्ग का उल्लेख नहीं है परंतु जूना सोमवारिया से ऋणमुक्तेश्वर होते हुए कार्तिक चौक तक की यह दूरी लगभग 1.5 किलोमीटर बताई गई है। सिंहस्थ में श्रद्धालुओं की संख्या और भीड़ को देखते हुए यातायात दबाव को कम करने के लिए पुराने शहर के इस व्यस्त मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। क्षेत्र में सर्वे और आगे की तकनीकी औपचारिकताएं प्रक्रिया में हैं।
मार्ग के चौड़ीकरण प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 17.69 करोड़ रुपए है। टेंडर फार्म का मूल्य 30 हजार रुपए है। प्री-बिड मीटिंग 5 अक्टूबर को होगी। फॉर्म ऑनलाइन खरीदने और ईएमडी राशि व दस्तावेजों सहित निविदा जमा करने की अंतिम तारीख 22 अक्टूबर की शाम 5 बजे तक है। निविदा 23 अक्टूबर को खोली जाएगी। कार्य पूरा करने की अवधि 365 दिन है।
नपती और अतिक्रमण हटाने का काम शुरू: जूना सोमवारिया से पीपली नाका और कार्तिक चौक के आस-पास ढाबा रोड क्षेत्र में सितंबर के अंत तक नपती, मार्किंग और अतिक्रमण हटाने का काम तेजी से चल रहा है। चौड़ीकरण की जद में आ रहे धर्मस्थल तथा मकानों के प्रभावित हिस्सों को आपसी सहमति या प्रशासनिक कार्रवाई से हटाने और शिफ्ट करने का काम चल रहा है।
अधिकारियों ने निरीक्षण किया
मार्ग चौड़ीकरण का उद्देश्य सिंहस्थ के दौरान पेशवाई और श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग को सुगम बनाना है। पिछले दिनों संभागायुक्त और कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों ने कार्तिक चौक से बिना नींव की मस्जिद तक प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग का पैदल निरीक्षण किया।
विरोध भी हुआ
जैसे पीपली नाका से जूना सोमवारिया मार्ग पर नपती के दौरान स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों के बीच विवाद और आपत्तियां भी सामने आई हैं। मकानों को पूरी तरह टूटने से बचाने के लिए लोग सड़क की चौड़ाई को सीमित रखने की मांग कर रहे हैं।









