पंचक्रोशी यात्रा 3 से 7 मई

कार्ययोजना बनाकर काम प्रारंभ करने के निर्देश

सभी कार्य पूर्ण करने के लिए 25 अप्रैल तक डेडलाइन
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:पंचक्रोशी यात्रा 3 मई से प्रारंभ होगी। समापन 7 मई को होगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को पड़ाव एवं उप पड़ाव तथा यात्रा मार्ग की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पड़ाव एवं उप पड़ाव तथा यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं को 25 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग एवं पीएमजीएसवाय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग के शोल्डर, मार्ग का दुरूस्तीकरण कराया जाए। यात्रा मार्ग में झाडिय़ों की कटाई-छंटाई की जाए। आवश्यक स्थान पर बैरिकेटिंग की जाए। रोड डायवर्शन का प्लान तैयार कर समुचित कार्यवाही करें।
पड़ाव स्थलों पर समतलीकरण, मार्ग का संधारण, मंदिरों में बैरिकेटिंग, शुद्ध पेयजल, शनि मंदिर एवं कालियादेह महल पर यात्रियों के लिए स्नान की व्यवस्था, पड़ाव स्थलों पर चलित शौचालय की व्यवस्था की जाए। बैठक में एडीएम अनुकूल जैन, एसडीएम अर्थ जैन, एलएन गर्ग, करजरे, नगर निगम उपायुक्त कृतिका भीमावद, जिला पंचायत के अपर सीईओ ब्रजेश पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
वैशाख कृष्ण दशमी से प्रारंभ होती है यात्रा
वैशाख कृष्ण दशमी पर शिप्रा स्नान व पटनी बाजार स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर में पूजन के पश्चात पंचक्रोशी यात्रा आरंभ होती है, जो 118 किलोमीटर की परिक्रमा करने के पश्चात कर्क तीर्थवास में समाप्त होती है और तत्काल अष्टतीर्थ यात्रा आरंभ होकर वैशाख कृष्ण अमावस्या को शिप्रा स्नान के पश्चात यात्रा का समापन होता है। वैशाख कृष्ण दशमी 3 मई से यात्रा प्रारंभ होकर वैशाख कृष्ण अमावस्या 7 मई को यात्रा का समापन होगा। यात्रा के पड़ाव एवं उप उपड़ाव स्थलों में पिंगलेश्वर, करोहन, नलवा, अंबोदिया, कालियादेह महल, जैथल, उंडासा है।
यह भी निर्देश
विद्युत विभाग विद्युत सप्लाय हेतु ट्रांसफार्मर एवं अन्य संधारण कर सेफ्टी के लिये प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए। सतत विद्युत प्रवाह मिले, इसके लिये विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को तैनात किया जाए। पड़ाव स्थलों पर ऑटोमैटिक जनरेटर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाये। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि पड़ाव स्थलों पर बेसिक जिम्मेदारी जनपद पंचायतों की रहेगी।
एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र के पड़ाव स्थलों एवं यात्रा मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुलभ कराएं।
खाद्य विभाग बाजार भाव से खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाये जाने की समुचित व्यवस्था करें।
शिक्षा विभाग यात्रा मार्ग एवं पड़ाव स्थल पर समस्त विद्यालय भवनों में पेयजल व्यवस्था एवं उनमें निर्मित शौचालय मय जल उपलब्धता सुनिश्चित करें।
यात्रा मार्ग एवं पड़ाव स्थलों पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था के लिये पुलिस बल तैनात किए जाए।
कालियादेह महल एवं शनि मन्दिर आदि पर होमगार्ड के जवानों को तैनात किया जाए।
स्वास्थ्य विभागपर्याप्त दवाई, मलहम आदि की व्यवस्था के साथ चिकित्सालय के मय स्टाफ, उपकरण एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था कर पेट्रोलियम जैली का वितरण की व्यवस्था करें।
जनपद पंचायतें पड़ाव स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था की करें।
वन विभाग पड़ाव स्थलों पर मधुमक्खी के छत्ते हटाए, ताकि घटना-दुर्घटना नहीं हो।
25 अप्रैल तक सभी समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। आदेश जारी कर संबंधितों को दायित्व सौंपे जाए ताकि पंचक्रोशी यात्रा में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो।









