दूसरे की कार बेचकर 8 लाख रुपए की धोखाधड़ी

उज्जैन। पीर झलार बडऩगर में रहने वाले व्यक्ति को तीन लोगों ने दूसरे व्यक्ति की कार को अपना बताकर बेच दिया और 8 लाख से अधिक की धोखाधड़ी की। पुलिस ने बताया कि मेहरबान सिंह पिता दारासिंह 31 वर्ष निवासी पीर झलार बडऩगर ने 8 जुलाई 23 में महेश अग्रवाल पिता राधेश्याम अग्रवाल निवासी गांधी नगर आगर रोड़ से 10 लाख रुपये में कार खरीदी जिसके बदले उसने 8 लाख 35 हजार रुपये का भुगतान किया।

2 लाख रुपये एनओसी मिलने पर देने की बात कही थी। 17 फरवरी को उसके पास लोकेश पिता मोहनलाल जैन निवासी अलकापुरी पहुंचा और बोला कि उक्त कार मेरी है और बैंक से फायनेंस है। जब मेहरबान ने उसे महेश अग्रवाल से कार खरीदने की बात कहकर कागज दिखाये तो लोकेश ने कहा कि वह मेरी कार कैसे बेच सकता है, इसे मैं लेकर जाऊंगा। मेहरबान की शिकायत पर महाकाल पुलिस ने जांच कर महेश अग्रवाल सहित नवीन शर्मा, कम्मोबाई निवासी महाकाल क्षेत्र के खिलाफ धारा 420, 406 के तहत केस दर्ज किया है।
बालक को चाकू मारा
उज्जैन। युवराज पिता धर्मेन्द्र 15 वर्ष निवासी संजय नगर नानाखेड़ा 10 वीं का छात्र है। शुक्रवार शाम वह मोहल्ले में सामान लेने गया उसे रास्ते में कालू व विकास नामक युवक मिले। उक्त युवकों ने युवराज से शराब के लिये 100 रुपये मांगे। युवराज ने रुपये नहीं होने की बात कही तो बदमाशों ने उसे चाकू मारकर घायल कर दिया।









