उज्जैन में CM का पलटवार… BJP की भविष्यवाणी करने वाले केजरीवाल कौन…?

नोटा का प्रचार दुर्भाग्यपूर्ण, उम्मीदवार पसंद नहीं तो करें उपयोग
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जमानत पर जेल से बाहर आए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर पलटवार करते हुए कहा है कि वे अपने भविष्य के बारे में सोचें, भाजपा की भविष्यवाणी करने वाले वे कौन होते हैं।
उज्जैन दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अलखधाम धर्मशाला पर अपना वोट डालने आए सीएम डॉ. यादव ने दशहरा मैदान पर भाजपा नेता रूप पमनानी के घर मीडिया से चर्चा में केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा केजरीवाल को अपना भविष्य पता नहीं है और वे भाजपा के बारे में भविष्यवाणी कर रहे हैं।
वे अपना काम करें। मालूम हो कि केजरीवाल ने दावा किया है कि अगर 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा जीत भी गई तो मोदी अगले साल तक ही प्रधानमंत्री रहेंगे। केजरीवाल ने कहा था कि पीएम मोदी ने खुद यह नियम बनाया है कि उनकी पार्टी में कोई भी 75 साल के बाद सक्रिय राजनीति में नहीं रहेगा। इस बार अगर भाजपा चुनाव जीत गई तो पीएम मोदी अगले साल 75 साल के हो जाएंगे और फिर अमित शाह को प्रधानमंत्री बना देंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी चुनाव बाद बदल दिया जाएगा।
नोटा सिर्फ नापसंद उम्मीदवार के लिए
इंदौर में कांग्रेस द्वारा नोटा का प्रचार करने के सवाल पर सीएम ने कहा यह दुर्भाग्यपूर्ण है। नोटा केवल नापसंद उम्मीदवार के लिए है, नकारात्मकता के लिए नहीं। सीएम डॉ. यादव ने कहा भाजपा प्रदेश की सभी 29 सीटें इस बार जीतेगी। देश मोदीमय है और प्रधानमंत्री मोदी की ही जीत होगी।
सीएम का मैनेजमेंट… वोटिंग के बाद बीमार मित्र के घर पहुंचे
सीएम डॉ. यादव का सोशल मैनेजमेंट भी मतदान के दिन देखने को मिला। वोटिंग के बाद वे सीधे अपने मित्र और भाजपा नेता के घर हाल चाल जानने दशहरा मैदान स्थित निवास पहुंचे। दरअसल, यादव को उज्जैन आने पर पता चला कि पमनानी अस्वस्थ चल रहे हैं तो वे तुरंत उनके निवास पहुंच गए।
इनकी स्याही इनविजिबल है… दशहरा मैदान पर सीएम डॉ. यादव के साथ मौजूद सनवर पटेल ने भी मतदान के बाद की मुद्रा में अपना हाथ कर दिया। मीडिया ने पटेल से पूछा आपकी उंगली पर तो मतदान की स्याही है ही नहीं। इस पर सीएम ने त्वरित टिप्पणी कर कहा इनकी स्याही इनविजिबल है।









