कॉसमास मॉल के नजदीक दो दुकानों में लगी भीषण आग

शार्ट सर्किट के चलते रात करीब 1 बजे हुआ हादसा
साड़ी, सूट व कम्प्यूटर सामान जलकर राख, दमकलों ने आग पर पाया काबू
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:महाकाल वाणिज्य सी सेक्टर स्थित कॉसमास मॉल के पास दो दुकानों में शॉर्ट सर्किट के चलते रात करीब 1 बजे आग लग गई। पड़ोसी ने दुकानों से धुआं निकलते देख दूसरी मंजिल पर रहने वाले मालिक को सूचना दी जिसके बाद फायर ब्रिगेड की दमकलों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अविनाश धवन की महाकाल वाणिज्य केन्द्र सी सेक्टर स्थित मॉल के पास अवि कम्प्यूटर के नाम से सेल्स एण्ड सर्विस की दुकान है। इसी के पास अविनाश की पत््नी रेखा धवन सान्वी कलेक्शन के नाम से साड़ी व सूट की दुकान संचालित करती है।
पड़ोसी ने दुकान से धुआं निकलते देखा
अविनाश ने बताया कि रात में दुकान बंद करने के बाद दूसरी मंजिल स्थित घर में चले गये थे। रात 1 बजे पड़ोसी ने दुकान से धुआं निकलते देखा तो डोर बैल बजाकर इसकी सूचना दी जिसके तत्काल बाद फायर ब्रिगेड की दमकलों को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया तब तक दुकान में रखी साडिय़ां, सूट के अलावा कम्प्यूटर, लेपटाप आदि सामान जलकर राख हो चुका था। अविनाश ने बताया कि आग संभवत: शार्ट सर्किट से लगी होगी जिसमें 15 लाख से अधिक रुपये का नुकसान हुआ है।









