देर रात छोटा सराफा में वेब सीरीज की शूटिंग

उज्जैन। देर रात छोटा सराफा स्थित गली में मुंबई से वेब सीरीज की शूटिंग के लिये लोग पहुंचे और यहां की एक मिठाई की दुकान में शूटिंग पूरी करने के बाद लौट गये। शूटिंग के दौरान गली के रास्ते बंद करने पर बाउंसरों ने स्थानीय लोगों से अभद्रता की।

खाराकुआं थाना पुलिस ने बताया कि छोटा सराफा स्थित भोलागुरू की गली में ब्रजवासी मिष्ठान भंडार पर किसी वेबसीरीज की शूटिंग रात 12 बजे बाद शुरू हुई थी। उक्त शूटिंग के लिये निर्माता द्वारा 8 दिन पहले थाने पर सूचना देकर प्रशासन की परमिशन भी बताई थी। रात्रि गश्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर शूटिंग की जानकारी भी ली गई।
वहीं गली के रहवासियों ने बताया कि शूटिंग के दौरान गली के दोनों ओर से रास्ते बंद करने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। देर रात गली में शूटिंग के शोरगुल से भी लोग परेशान थे। शूटिंग टीम में कुल 150 सदस्य शामिल थे जिनमें बाउंसर भी शामिल थे। उक्त बाउंसर्स द्वारा रहवासियों के साथ अभद्रता की गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि थाने पर किसी प्रकार की शिकायत या सूचना नहीं मिली है।









