सुबह 4:30 बजे रास्ता पूछने के बहाने रोका, चाकू अड़ाकर लूटा

शहर में बदमाशों के हौंसले बुलंद ,पुलिस का खौफ तक नहीं
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
नानाखेड़ा क्षेत्र में वारदात, राजस्थान के युवकों से लूटपाट
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। शहर में बदमाशों के हौंसले इतने बुलंद हैं कि पुलिस का खौफ तक नहीं। पिछले दिनों पुलिस की मौजूदगी में रिटायर्ड फौजी द्वारा फायरिंग, उसके बाद तीन बदमाशों द्वारा पुलिसकर्मी पर चाकू से प्राणघातक हमला और अब सुबह 4.30 बजे बदमाशों द्वारा शांति पैलेस चौराहे से नानाखेड़ा बस स्टैंड की तरफ आ रहे राजस्थान के युवकों के साथ चाकू की नोंक पर लूट। एक के बाद एक हो रही वारदातों से शहरवासियों के साथ अब दूसरे शहरों से आने जाने वाले लोग भी डरने लगे हैं।
बाइक से आए तीन बदमाश रोका और लूटपाट करने लगे मेरा नाम हरीश मीणा पिता दुला मीणा 25 वर्ष निवासी शैलम्बर राजस्थान हूं। मैं अपने दोस्त पूनमचंद के साथ राजस्थान से बस में बैठकर उज्जैन के शांति पैलेस चौराहे पर सुबह 4 बजे के करीब उतरा था। दोनों को रायपुर छत्तीसगढ़ जाना था। शांति पैलेस चौराहे से नानाखेड़ा बस स्टेण्ड के लिये पैदल चले।
गैल कंपनी गेट तक पहुंचे तभी पीछे से एक बाइक पर सवार होकर तीन लोग आये। रास्ता पूछने के बहाने हमें रोका। बाइक से दो युवक नीचे उतरे। एक ने चाकू निकाला और मुझे दिखाकर बैग, रुपये, मोबाइल, पर्स मांगा। दूसरे बदमाश ने पूनमचंद की गर्दन पकड़ी और उसका बैग छीनने लगा। बदमाशों द्वारा अचानक हमला करने से मैंने नानाखेड़ा बस स्टैंड तरफ दौड़ लगा दी तो चाकू दिखाने वाले बदमाश ने पीछे से बैग पकड़ लिया। मैंने बैग कंधे से उतारा और भाग गया।
पूनमचंद ने बताया कि एक बदमाश ने मेरी गर्दन पकड़ी थी। उसने पेंट की जेब से पर्स, मोबाइल निकाला और बैग भी छीन लिया। मैं बार-बार बदमाशों से कह रहा था कि मारपीट मत करो। जो चाहिये मैं तुम्हें दे रहा हूं। लूटपाट करने के बाद तीनों बदमाश बाइक पर बैठकर चले गये।
पुलिस को सूचना दी CCTV खंगाले
हरिश और पूनमचंद वापस मिले। हरिश का मोबाइल उसके पास ही था। दोनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। नीलगंगा पुलिस यहां पहुंची। जांच शुरू की और घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज चैक किये और लूटपाट करने वाले बदमाशों की तलाश शुरू की।
बैग में कपड़े, पर्स, रुपये, जरूरी कागजात रखे थे
हरीश और पूनमचंद ने बताया कि हम लोग मार्बल का काम करते हैं। काम के सिलसिले में ही रायपुर जा रहे थे। दो बैग जो बदमाश लूटकर ले गये उनमें कपड़े सहित एक बैग में हरीश का पर्स भी रखा जिसमें रुपये, आधार, एटीएम कार्ड सहित चांदी की अंगूठी थी। पूनमचंद के बैग में भी कपड़ों के अलावा पर्स में जरूरी कागजात और रुपये थे। उसका मोबाइल भी बदमाश लूटकर ले गये हैं।









