सोने और हीरे के गहने चोरी करने वाला गिरोह पकड़ाया

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। चलती ट्रेन से महिला यात्रियों का पर्स उड़ाने वाले तीन आरोपियों को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। इनसे लाखों रुपए कीमत के जेवरात जब्त किए हैं।पुणे की महिला ट्रेन में पुणे से इंदौर के लिए यात्रा कर रही थी। उसी दौरान देवास स्टेशन पर अज्ञात बदमाश ने उनका पर्स चोरी कर लिया जिसमें डायमंड व सोने के जेवर आदि रखे थे। महिला ने जीआरपी में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
टीआई मोतीराम चौधरी ने बताया कि लता पति ललित कर्वा 61 वर्ष निवासी पुणे पति के साथ 5 सितम्बर को पुणे से इंदौर की यात्रा दौंड एक्सप्रेस के कोच बी-5 में कर रही थीं। देवास स्टेशन पर नींद खुली तो देखा सिरहाने रखा पर्स नहीं था। पर्स में हीरे-सोने की दो चूडिय़ां, सोने की दो गले की चेन, पेंडल, नथ, हीरे की दो अंगूठी रखी थीं। इसके अलावा आर्टिफिशियल ज्वेलरी व एक मोबाइल भी था।
जीआरपी ने इस मामले में धर्मेन्द्र उर्फ महाकाल पिता गोरधन सिंह 35 वर्ष निवासी बोलाई अकोदिया, ताराचंद उर्फ टिम्बू पिता ओमप्रकाश उर्फ हान्डू 27 वर्ष निवासी शुजालपुर मंडी के पास शाजापुर, रीनाबाई पति रंजीत 30 वर्ष निवासी सुनेरा शाजापुर को गिरफ्तार कर आभूषण व मोबाइल जब्त किए। टीआई चौधरी ने बताया कि तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा है। एक आरोपी जितेन्द्र उर्फ अनिल निवासी बोलाई फरार है।









