तनाव के बाद मक्सी में स्थिति नियंत्रण में, आईजी-कमिश्नर पहुंचे, बल तैनात

By AV NEWS

उपद्रव के घायलों को इंदौर उपचार के लिए भेजा, पुलिस तलाश कर रही आरोपियों को

अक्षरविश्व न्यूज शाजापुर। शाजापुर जिले के मक्सी में बुधवार रात दो समुदायों के बीच हुए तनाव के बाद अब स्थिति नियंत्रण में है। आईजी संतोष कुमार सिंह और कमिश्नर संजय गुप्ता मौके पर पहुंच गए हैं। प्रशासन ने 28 सितंबर तक इलाके में धारा 163 लगाई है। यहां भीड़ जमा करने पर रोक रहेगी। दहशत में गुरुवार को बाजार नहीं खुले। यहां 4 जिलों और उज्जैन संभाग का पुलिस फोर्स तैनात है। अलसुबह से पुलिस सायरन बजाते हुए गश्त कर रही है। बस स्टैंड भी खाली है। स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।

मक्सी में बुधवार रात दो समुदाय के बीच विवाद के बाद पथराव और फायरिंग हुई है। इसमें अमजद पिता अजीत खान (40) की मौत हो गई है, जबकि 9 लोग घायल हैं। घायलों को इंदौर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मक्सी बंद है। प्रशासन ने इलाके में धारा 163 लगा दी।

मक्सी नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि मोहनसिंह पटेल के सिर में गंभीर चोट है। विवाद की शुरुआत सोमवार को बावड़ी मोहल्ले में मारपीट की घटना से हुई थी। इस मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया था। मंगलवार को आरोपी पक्ष के लोगों ने शाजापुर एसपी ऑफिस में प्रदर्शन किया था और पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया था। बुधवार रात हुआ विवाद भी इसी मामले से जुड़ा हुआ है। मक्सी में भीड़ जमा होने और सोशल मीडिया पर भड़काऊ मैसेजेस पर नजर है। एसपी यशपालसिंह राजपूत ने बताया कि कानून व्यवस्था खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

दो पक्षों के बीच पथराव से शुरुआत

मक्सी में विवाद के बाद दो पक्षों के बीच पथराव हुआ। इसमें कई लोग घायल हुए है। इनके नाम अरजान पिता आरिफ, जुनैद खान पिता साबिर खान, इकबाल खानपिता मुस्तफिर, अहूजर पिता साबिर, अल्ताफ पिता साजिद, अरबाज पिता शकील, रेहान पिता इरशाद और नप अध्यक्ष प्रतिनिधि मोहनसिंह पटेल, अरुण पिता वीरेंद्र पटेल, संजय पिता पिल्लू बताए गए हंै। अमजद पिता अजीत खान की सिर में गोली लगने से मौत हो गई। गोली कैसे लगी, पता लगाया जा रहा है।

पुलिस ने सख्ती से खदेड़ी भीड़

बुधवार रात हुए विवाद में भीड़ को कंट्रोल करने के लिए मक्सी पुलिस को फायरिंग भी करनी पड़ी। कलेक्टर, एसपी, एसडीएम और तहसीलदार समेत कई अधिकारी भी मक्सी पहुंचे। इधर घायलों को जैसे ही उपचार के लिए शाजापुर जिला अस्पताल लाया गया, यहां बड़ी संख्या मेंं भीड़ जमा होने लगी तो यहां भी भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। अभी भी अस्पताल में बल तैनात है।

स्थिति शांतिपूर्ण

मक्सी में स्थिति शांतिपूर्ण है। स्थिति पर वरिष्ठ अधिकारी निगाह रखे हुए हैं। कस्बे में पुलिस बल तैनात किया गया है। उपद्रव करने वालों की शिनाख्त की जा रही है। इनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की प्रोसेस शुरू कर दी है। – संतोष कुमार सिंह, आईजी, उज्जैन रेंज

Share This Article