पीडि़त युवती से मिले सीएम डॉ. मोहन यादव खाते में एक लाख रुपए देने की घोषणा

रिश्तेदारों पर घर से बेदखल करने और प्रताडि़त करने का आरोप
अक्षरविश्व न्यूजनीमच/उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को रिश्तेदारों की कथित प्रताडऩा से परेशान 21 वर्षीय युवती नेहा माली से मुलाकात कर उसकी परेशानी सुनी। मुख्यमंत्री ने युवती को एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की और राशि उसके खाते में जमा कराने के निर्देश दिए। साथ ही नीमच कलेक्टर को युवती की हरसंभव मदद करने के लिए कहा।
कुकड़ेश्वर निवासी नेहा माली ने रिश्तेदारों पर प्रताडि़त करने और पैतृक मकान से बेदखल करने की कोशिश का आरोप लगाया है। युवती के पिता मुकेश माली का निधन 21 नवंबर 2025 को हो गया था। मां पहले ही नातरा कर दूसरे स्थान पर चली गई थीं। इसके बाद नेहा अपनी छोटी बहन के साथ पिता के मकान में रहने लगी।
नेहा ने पुलिस अधीक्षक और कुकड़ेश्वर थाना प्रभारी को दिए आवेदन में रिश्तेदार विनोद, दशरथ, द्रौपदीबाई, अनीता, इन्ड्रा, मधु, महक, राजू और सरिता पर प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि रिश्तेदार उसे पिता के हिस्से के मकान में रहने नहीं दे रहे और घर से निकालने की कोशिश कर रहे हैं। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की जाती है। वह कुछ दिनों से उज्जैन में नाना के यहां रह रही है। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि पिता का घरेलू सामान, मोटरसाइकिल और मोबाइल रिश्तेदारों ने अपने कब्जे में ले लिए हैं। घर से निकाले जाने के कारण उसे भादवा माता सहित अलग-अलग स्थानों पर रात बितानी पड़ रही है।









