लोगों ने शोर मचाया वरना कुत्ता बच्चे को मार डालता

घर के बाहर खड़े अर्शित पर नरभक्षी जैसा टूट पड़ा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बेटे की हालत देखकर मां बदहवास, चरक अस्पताल में चल रहा इलाज, नेहरू नगर में कुत्तों का आतंक

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। पिछले कुछ दिनों से कुत्तों द्वारा काटने की घटनाओं में कमी आ गई थी। अब एक बार फिर कुत्ते के काटने का ऐसा मामला आया है जिसने लोगों के दिल दहला दिए। कुत्ता इतना खूंखार था कि वह बच्चे के चेहरे को चबा लेना चाहता था। शोर सुनकर लोगों ने उसे भगाया न होता तो शहर में बड़ी घटना हो जाती।
नानाखेड़ा क्षेत्र के नेहरू नगर में उस समय कोहराम मच गया जब उस क्षेत्र का एक कुत्ता नरभक्षी जैसा हो गया। बताया जाता है कि अर्शित नामक बालक अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी बीच एक कुत्ता आया और उस पर टूट पड़ा। अचानक हुए कुत्ते के हमले से अर्शित घबरा गया और शोर मचाने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग भी उस तरफ दौड़े जहां शोर मच रहा था। लोगों ने देखा कि बालक नीचे पड़ा था और कुत्ता उसे भमोड़ रहा था। जैसे-तैसे लोगों ने बालक को कुत्ते के चंगुल से बचाया। इसी बीच बालक की मां पिंकी भी शोर सुनकर बाहर आई और अपने बेटे की हालत देखकर बेसुध हो गई।
घबराई मां बोली… बेटे को बचा लो
साथ में आई मां पिंकी का रूदन कम नहीं हो रहा था। वह बेटे की हालत देखकर अस्पताल स्टाफ से गुहार कर रही थी मेरे बेटे को बचा लो। पिंकी ने चर्चा में बताया कि अर्शित की उम्र 6 साल है, उसके पिता भूपेश ड्रायवर हैं। बेटा दोस्तों के साथ घर के बाहर खेलने गया था उसी दौरान कुत्ते ने हमला कर उसे घायल किया। वह इस बात को लेकर भी आशंकित थी कि उसके बच्चे को कहीं रैबिज न हो जाए। फिलहाल उसे एक इंजेक्शन लगाया गया है।
इलाज करने वाले भी कांप गए
चरक अस्पताल में जब अर्शित को लाया गया तब वहां उपचार करने वाले भी उसकी हालत देखकर कांप गए। गनीमत यह थी कि कुत्ते के हमले में अर्शित की आंख बच गए। चेहरे को कई जगह से कुत्ते ने नोंचा व काटा था। ताबड़तोड़ उसका इलाज किया गया।
लोगों ने दोनों को संभाला
नेहरू नगर में कुत्ते के इस आतंक की खबर फैल चुकी थी। अर्शित के घर के आसपास काफी लोग जमा हो गए थे। लोगों ने बेसुध पिंकी को संभाला। उधर अर्शित दर्द के मारे चीख रहा था। उसका यह रूदन किसी से देखा नहीं जा रहा था। सोमवार की रात पौने आठ बजे के करीब अर्शित को चरक अस्पताल लाया गया।









