यातायात पुलिस अचानक सक्रिय हुई, लेकिन कार्रवाई बनी चर्चा का विषय

जहां यातायात का दबाव नहीं, वहां पुलिस ने वाहन रोके और बड़ी संख्या में चालान बनाए
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
शहर के यह हाल: दुकानों के बोर्ड सड़क पर, लोगों ने निगम के सूचना बोर्ड को भी कचरे के बीच फेंक दिया…
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। पुराने शहर की सड़कें पहले से संकरी हैं। दुकानदार सामान, बोर्ड सड़क पर रख लेते हैं। खरीददारी के लिए बाजार जाने वाले सड़क पर वाहन खड़े करते हैं जिस कारण वाहन के आवागमन के लिए आधा रोड़ बचता है। यदि कोई बड़ा वाहन मुख्य मार्ग पर आ जाए तो समझो ट्राफिक जाम। रविवार को पुलिस ने अभियान चलाकर सड़क पर रखे बोर्ड जब्त किए और 10 वाहनों के चालान भी बनाए। पुलिस ने चालान उन इलाकों में बनाए, जहां यातायात का इतना दबाव नहीं रहता। यहां ज्यादा देर के लिए यातायात बाधित भी नहीं होता। यातायात पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई शहर में चर्चा का विषय बनी। लोगों का कहना था कि पुलिस जिस तरह इस इलाके के सक्रिय हुई है उसे दूसरे इलाके में भी इतना सक्रिय होने की जरूरत है।
बोर्ड उठाकर फेंका और खड़े करने लगे वाहन
शहर का सबसे संकरा व्यावसायिक केन्द्र सतीगेट है। कंठाल चौराहे से लेकर छत्रीचौक तक का पूरा इलाका विभिन्न प्रकार के उत्पादों की दुकानों से भरा हुआ है। यहां कपड़े, बैग, मिठाई, खिलौने, घरेलू सामान, जूते-चप्पल और वह सभी जरूरत का सामान मिलता है जिसकी परिवार में आवश्यकता होती है।
इस बाजार को लेकर कई बार प्रयोग किए गए। मीडिया से लेकर समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने इस बाजार को वाहनों से मुक्त करने का आग्रह किया। पिछले दिनों नगर निगम ने एक पहल की। खड़े हनुमान के पास बोर्ड लगाया। इस पर लिखा था यहां वाहन खड़े किए तो 500 रुपए जुर्माना देना पड़ेगा। भाई लोगों ने यह बोर्ड उखाड़कर फेंक दिया और सड़क के बीचोंबीच वाहनों की कतार लग गई। बोर्ड लगाने वालों ने पलट कर नहीं देखा कि बोर्ड का क्या हश्र हुआ। वर्तमान में खड़े हनुमान से लेकर सतीगेट तक लोग अपने दो पहिया वाहन सड़क के बीचोंबीच खड़े करते हैं। यातायात बाधित होता है लेकिन नगर निगम या ट्राफिक पुलिस को इससे कोई सरोकार नहीं।
इन मार्गों पर चलाया अभियान
ट्राफिक पुलिस ने रविवार को बेगमबाग से महाकाल घाटी, गदापुलिया से इंदौरगेट, रेलवे स्टेशन मार्ग पर कार्यवाही के दौरान सड़क पर दुकानदारों के साईन बोर्ड हटवाए गए। कुछ बोर्ड जब्त भी किए। वाहनों को क्रेन से हटवाया गया। दो पहिया और चार पहिया कुल 10 वाहनों के चालान बनाए गए। डीएसपी दिलीप सिंह परिहार, विक्रम सिंह कनपुरिया ने दुकान संचालकों को सड़क पर बोर्ड न रखने की समझाईश दी।









