सडक़ पर फिर बिक रहा सामान, आमजन के साथ श्रद्धालु भी लगातार हो रहे हैं परेशान

महाकाल क्षेत्र में फिर पसरा अतिक्रमण, सडक़ों पर दुकानें और ई-रिक्शा बने मुसीबत
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। जिस महाकाल क्षेत्र में बारिश के दौरान हादसा हुआ था वहां अब धीरे-धीरे फिर से अतिक्रमण पसरने लगा है। चारधाम से लेकर श्री हरसिद्धि माता मंदिर तक सडक़ों पर फिर से ठेले और गुमटियों ने कब्जा जमा लिया है। ई-रिक्शा वाले का जमघट भी यहीं लगा रहता है, ऐसे में यह श्रद्धालुओं और यातायात दोनों के लिए बाधक बन रहे हैं। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन महाकाल पुलिस ने नगर निगम के साथ मिलकर यहां से सडक़ों पर दुकान लगाकर अतिक्रमण करने वालों को खदेड़ा था लेकिन एक दिन बाद ही हालात जस के तस हो गए। ऐसे में अब एक बार फिर कार्रवाई की दरकार नजर आने लगी है।
कपड़ा बिछाकर बेच रहे सामान
ठेले और गुमटियों पर सामान बेचने के अलावा कई लोग कपड़ा बिछाकर या टेबल लगाकर यहीं से श्रद्धालुओं को तिलक लगाने का काम भी कर रहे हैं। पास में बेतरतीब तरीके से उनके वाहन रखे होते हैं जिससे यहां से निकलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
बार-बार लगता है जाम
चारधाम मंदिर से ही हरसिद्धि मंदिर तक ई-रिक्शा की भरमार रहती है। सवारियों को बैठाने के चक्कर में वाहन दिनभर गुत्थमगुत्था होते रहते हैं। चालक ई-रिक्शा को कहीं भी खड़ा कर देते हैं जिससे अन्य वाहन चालकों और श्रद्धालुओं को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
एक बार हो चुकी कार्रवाई
महाकाल क्षेत्र में दीवार गिरने के हादसे के बाद प्रशासन ने एक्शन लिया था। नवरात्रि के पहले दिन ३ अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए ऐसे ठेले और गुमटियों को हटा दिया था। इसके अलावा ई-रिक्शा चालकों को भी खदेड़ दिया था लेकिन उसके बाद सख्ती नहीं होने से एक बार फिर हालात जस के तस हो गए हैं।









