हाउस ऑफ कलाम से पहले देखें ‘कमाई के घर’

अक्षरविश्व एक्सक्लूसिव: भारत रत्न की जीवन यात्रा देखने आज भी बड़ी संख्या में आते हैं लोग
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रामेश्वरम से सुधीर नागर उज्जैन। ये सामने जो आपको एक छोटी बिल्डिंग दिखाई दे रही है, वह मिसाइल मैंन के नाम से मशहूर पूर्व राष्ट्रपति डॉ. अब्दुल कलाम का घर है, जो अब हाउस ऑफ कलाम के नाम से जाना जाता है। मजेदार बात यह है कि इसे देखने से पहले आपको कमाई के घर भी देखना पड़ते हैं। आप चौंकिए नहीं, यह सही है। अगर आप तमिलनाडु के रामनाथपुरम स्थित हाउस ऑफ कलाम को देखने आएंगे तो इसे नजदीक से अनुभव कर सकेंगे।
दरअसल, कलाम के घर से पहले कलाम सी शेल मार्ट है, जिससे होकर भी आप हाउस ऑफ कलाम में एंट्री कर सकते हैं। इसमें प्रवेश के लिए कोई शुल्क तो नहीं है, लेकिन प्रवेश का दरवाजा मार्ट वालों की हरी झंडी के बाद मिलता है। जब आप हाउस ऑफ कलाम में जाना चाहते हैं तो मार्ट वाले कहते हैं कुछ देर इंतजार कीजिए या मार्ट में शॉपिंग कर सकते हैं। वेटिंग करने की जगह आप सोचते हैं मार्ट में टाइम पास हो जाएगा। इस तरह मार्ट में घूमते हुए कुछ जरूरी शॉपिंग तो कर ही लेते हैं। मार्ट से निकलते ही दरवाजा खुल जाता है और आप हाउस ऑफ कलाम के नाम से बने संग्रहालय को देख सकते हैं। डॉ. कलाम इस दुनिया में नहीं लेकिन दुनिया के लोग इस घर की एक झलक देखने जरूर आते हैं।
2011 में पुराने घर को संग्रहालय के रूप में स्थापित किया था
12/7 मस्जिद स्ट्रीट, रामेश्वरम, तमिलनाडु 623526. यह घर, कलाम का बचपन का घर है जो 19वीं सदी में चूना पत्थर और ईंटों से बना था। डॉ. कलाम के बचपन की तस्वीरें और छोटे शहर के लडक़े से देश का बड़ा वैज्ञानिक बनने तक के सफर को दिखाया है। डॉ. कलाम की प्रतिमाएं भी हैं, जिसे 500 रुपए में बेचा जाता है।
ये है मार्ट वालों की कमाई आर्ट…
हा उस ऑफ कलाम जाने रास्ता दूसरा है जो मार्ट से होकर नहीं गुजरता लेकिन टूरिस्ट गाडिय़ां और ऑटो मार्ट के सामने ही अपने वाहन रोकते हैं। इस कारण डॉ. कलाम के फैन इसके सामने से गुजरते हैं, लेकिन एंट्री गेट बंद रहता है। मार्ट वाले जब इशारा करते हैं तो यह तुरंत खुल जाता है, अन्यथा कुछ समय इंतजार करना पड़ता है। इस तरह कमाई के घर मार्ट में लोगों की एंट्री के लिए यह दिमाग इस्तेमाल किया जाता है ताकि मार्ट में लोग पहले शॉपिंग कर सकें फिर हाउस ऑफ कलाम देख सकें।









