ऐसा गुस्सा हुआ, घर छोड़ कर चला गया अब पुलिस और परिजन हो रहे हैं परेशान

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। बच्चों की जरा सी नाराजी परिवार के लोगों के लिए कितनी भारी पड़ती है इसका उदाहरण भैरवगढ़ थाना क्षेत्र का वह बालक अक्षत चौधरी है जो 14 दिसंबर से लापता है। अभी तक उसका पता नहीं चला है। परिवार के लोगों के दिल पर क्या गुजर रही है बालक को इसकी तनिक भी फिक्र नहीं है। इधर पुलिस भी परेशान है। जीआरपी को फोटो भेज दिए गए हैं। वायरलेस सैट पर भी मैसेज जारी किए गए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस के अनुसार सिद्धवट मार्ग पर रहने वाले त्रिलोक चौधरी को १६ वर्षीय पुत्र अक्षत १४ दिसंबर को घर पर बिना बताए गायब हो गया। वह 11वीं में पढ़ता है। पहले यह सोचा गया कि वह स्कूल से घर आ जाएगा। शाम तक नहीं लौटा। देर रात तक खोजबीन की गई। 15 दिसंबर का पूरा दिन भी खोजबीन में बीत गया। अंतत: १६ दिसंबर को भैरवगढ़ पुलिस को सूचना दी गई। बताया गया कि मामूली सी बात पर वह नाराज हो गया चला गया।
रेलवे स्टेशन पर नजर आया
भैरवगढ़ पुलिस ने अक्षत के अचानक लापता होने और दो दिन बीतने को गंभीरता से लिया। थाना प्रभारी चंद्रिका सिंह ने टीम बना कर जांच शुरू की। देवासगेट और रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। पता चला कि अक्षत रेलवे स्टेशन के अंदर गया। वह प्लेटफार्म पर दिखाई दे रहा है। समय देखा गया।
तब इंदौर-बिलासपुर ट्रेन के आने और जाने का समय रहता है। इसलिए संभावना जताई गई कि वह इसी ट्रेन में सवार होकर कहीं गया होगा। फिलहाल उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। पुलिस ने जीआरपी को फोटो दिया है। पुलिस का कहना है कि हम अपनी तरफ से पूरी कोशिश में लगे हुए हैं। उधर परिजन भी परेशान हो रहे हैं। पिता मंदिर दर मंदिर जाकर अपने बेटे के लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं।









