रूद्रसागर ब्रिज की डेडलाइन में 12 दिन बाकी, अभी भी काफी काम शेष

पिंक सेंड स्टोन को काटने में आ रही दिक्कत, फ्लोरिंग का काम भी आधा हुआ
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। रूद्रसागर पर बन रहे ब्रिज के पूरा होने की डेडलाइन में अब केवल 12 दिन शेष हैं लेकिन मौके पर चल रहे काम को देखकर लगता नहीं है कि निर्धारित समयसीमा में यह पूरा हो पाएगा। ऐसे में अभी इस पर से आवागमन के लिए श्रद्धालुओं को थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।
दरअसल, रुद्रसागर पर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत एक नया ब्रिज बनाया जा रहा है जिससे श्री महाकालेश्वर मंदिर तक पहुंचना और भी आसान हो जाएगा। 200 मीटर लंबा और 6 मीटर चौड़े ब्रिज का केंद्रीय भाग 19 मीटर चौड़ा और अंडाकार होगा। जिस पर खड़े होकर एक बार में 400 श्रद्धालु लेजर लाइट और साउंड शो का नजारा ले सकेंगे।
कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने पिछले दिनों इसका निरीक्षण किया था और दिसंबर तक काम पूरा करने के निर्देश दिए थे ताकि नववर्ष की शुरुआत से इसे चालू किया जा सके लेकिन अभी कई काम शेष हैं। फ्लोरिंग का काम आधा ही हुआ है, इसके अलावा ब्रिज के साइड में लगाया जा रहा पिंक सेंड स्टोन (बंशी पहाड़ पत्थर) भी आधा ही लग सका है। मजदूरों का कहना है पत्थर को काटने में दिक्कत आ रही है इसलिए ज्यादा समय लग रहा है।
ब्रिज पर बेसाल्ट की फ्लोरिंग
ब्रिज पर बेसाल्ट पत्थर से बनी टाइल्स की फ्लोरिंग की जा रही है। स्टोन आईटी कंपनी के कॉन्ट्रैक्टर बंटी सिंह गुर्जर ने बताया कि फ्लोरिंग का 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। कोशिश की जा रही है कि शेष आधे हिस्से का काम भी जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाए। इसके अलावा ब्रिज के दोनों साइड पर राजस्थान का पिंक सेंड स्टोन लगाया जा रहा है। अभी 55 से 60 मजदूर काम कर रहे हैं। काम जल्दी खत्म हो, इसके लिए सुबह 8 से रात 11 बजे तक काम किया जा रहा है। हालांकि, फिनिशिंग कार्य में वक्त लगता है।
भीड़ प्रबंधन के लिहाज से बेहद उपयोगी
भीड़ प्रबंधन के लिहाज से भी ब्रिज को बेहद कारगर माना जा रहा है। ब्रिज का एक छोर चारधाम मंदिर के पास तो दूसरा छोर महाकाल महालोक फेसिलिटी सेंटर-2 से जुड़ता है। ब्रिज से श्रद्धालु महाकालेश्वर मंदिर को निहार सकेंगे। इसके अलावा लेजर लाइट एंड साउंड शो का आनंद भी उठा सकेंगे।










