सीएम ने खुली जीप में फ्लाई-ओवर का अवलोकन कर नागरिकों का किया अभिवादन
भोपाल देश का दिल है तेजी से होगा विकास
180 करोड़ रु.से बनेगा बावडिय़ा-कलां ओवरब्रिज
अक्षरविश्व न्यूज भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भोपाल को मिली 154 करोड़ रुपए लागत के फ्लाई-ओवर की सौगात नगर के विकास को गति देगी। यह नव निर्मित फ्लाई-ओवर महान देशभक्त और संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री गुरुवार को भोपाल में 3 किलोमीटर लंबे नवनिर्मित फ्लाई-ओवर ब्रिज का लोकार्पण कर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस पुल के बन जाने से ओबेदुल्लागंज, नर्मदापुरम, बैतूल, खंडवा और जबलपुर मार्ग पर यातायात सुगम होगा।
सीएम ने कहा कि भोपाल, देश का दिल है। यह देश की सुंदरतम राजधानी है। वर्ष 1956 में जब मध्यप्रदेश का गठन हुआ था, उस समय भोपाल एक छोटा सा गांव था। लंबे समय तक इसका विकास रुका रहा। हमारी सरकारों ने इसका विकास किया। अब भोपाल का तेज गति से विकास किया जाएगा। तीन किलोमीटर लंबा नव निर्मित फ्लाई-ओवर गायत्री मंदिर से गणेश मंदिर तक बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुयोग है कि आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर इसका लोकार्पण हो रहा है। यह पुल एक और नेताजी सुभाष चंद्र सेतु और दूसरी ओर वीर सावरकर सेतु को मिलाएगा। बड़ी चुनौतियों के बीच इस ब्रिज का निर्माण हुआ है, इसके लिए लोक निर्माण मंत्री और उनका विभाग बधाई के पात्र है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बावडिय़ा-कलां क्षेत्र में आवागमन की सुविधा की दृष्टि से 180 करोड रुपए की लागत से फ्लाई-ओवर बनाए जाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द बैरागढ़ ब्रिज का भी लोकार्पण किया जाएगा।
नेताजी सुभाषचंद्र बोस सबके लिए प्रेरणादायी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज महान देशभक्त नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती है, उन्हें हम नमन करते हैं। उनका जीवन हम सबके लिए प्रेरणादायी है। वर्ष 1923 में उन्होंने अंग्रेजों की आईसीएस परीक्षा प्रवीण्य सूची में उत्तीर्ण की, परंतु उन्होंने अंग्रेजों की गुलामी करने के स्थान पर देशभक्ति का मार्ग चुना। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद का चुनाव सर्वाधिक मतों से जीता। बाबा साहेब अंबेडकर ने समानता की लड़ाई लड़ी। संविधान निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, उन्होंने धारा 370 का विरोध किया था। हम उनकी स्मृति में पंच तीर्थ उनके जन्म स्थान, दीक्षा स्थल, कर्मभूमि, शिक्षा स्थल और जहां उन्होंने शरीर त्याग किया वहां तीर्थ स्थल विकसित कर रहे हैं।
महिला सशक्तिकरण नीति शीघ्र करेंगे लागू
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवी अहिल्याबाई, रानी दुर्गावती और झांसी की रानी लक्ष्मीबाई जैसी वीरांगनाओं ने देश का गौरव बढ़ाया है। हमारी सरकार ने महिला सशक्तिकरण नीति बनाई है, जिसे शीघ्र लागू किया जाएगा। हमारी सरकार महिलाओं, युवा, किसान और गरीबों के कल्याण के लिए मिशन चला रही है। हमारी सरकार महिला, युवा, किसान और गरीबों के कल्याण के लिए मिशन चला रही है। इनकी बेहतरी के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कहा कि प्रदेश में निवेश के लिए चौतरफा प्रयास किये जा रहे हैं। हाल ही में पुणे में निवेशकों के सम्मेलन में अनेक उद्योगपतियों ने प्रदेश में निवेश की सहमति दी है। पूणे के उद्योगपति भोपाल सहित प्रदेश के विभिन्न अंचलों की नैसर्गिक सुंदरता से भी काफी प्रभावित हैं।