बाइक पर पिस्टल लहराकर शराब के साथ वीडियो बनाई

सोशल मीडिया पर वायरल करने वाला युवक पकड़ाया, दोस्त फरार

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। चलती बाइक पर शराब पीते हुए पिस्टल लहराने की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले युवक को पंवासा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट का केस दर्ज किया। उसके दोस्त की तलाश की जा रही है।
टीआई रविन्द्र कटारे ने बताया कि पिछले दिनों दो युवकों ने सोशल मीडिया के व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर शराब पीते हुए पिस्टल के साथ वीडियो वायरल की थी। सायबर सेल की टीम ने उक्त वीडियो में हथियार लहराने वाले युवकों की जानकारी निकाली जिसमें पता चला कि उक्त युवक पंड्याखेड़ी क्षेत्र का रहने वाला है।
पुलिस ने उसकी तलाश शुरू करते हुए अंशुल शर्मा पिता लखन शर्मा को गिरफ्तार कर उसके पास से देशी पिस्टल व एक जिंदा राऊंड जब्त किया। कटारे ने बताया कि बाइक पर बैठा दूसरा युवक कोटा का रहने वाला है। उसकी तलाश की जा रही है।
दहशत फैलाने के लिए गाने के साथ डाला वीडियो: पुलिस ने बताया कि अंशुल शर्मा और उसके दोस्त ने दहशत फैलाने के लिए सोशल मीडिया पर वीडियो गाने के साथ डाला था। वह पिस्टल कहां से लाया इसके संबंध में पूछताछ की जा रही है।








