अखाड़ा परिषद का दावा, सिंहस्थ में 14 नहीं 40 करोड़ लोग आएंगे

By AV News

हरिद्वार की तर्ज पर उज्जैन में स्थाई निर्माण को लेकर अध्यक्ष और प्रशासन के बीच बंद कमरे में चर्चा

सुधीर नागर उज्जैन। सिंहस्थ 2028 में 14 करोड़ नहीं, करीब 40 करोड़ श्रद्धालु आ सकते हैं। यह दावा अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने प्रशासन के अधिकारियों के समक्ष कर इसी हिसाब से तैयारियां करने को कहा है। हरिद्वार की तर्ज पर उज्जैन में स्थाई निर्माण को लेकर भी अध्यक्ष और प्रशासन के बीच बंद कमरे में चर्चा हुई है। संभावना है कि मंगलवार को इस मामले में परिषद अध्यक्ष की किसानों से चर्चा हो सकती है।

निरंजनी अखाड़ा में सोमवार शाम को अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत रवींद्रपुरी जी से मिलने संभागायुक्त संजय गुप्ता, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, निगम आयुक्त आशीष कुमार पाठक और एसपी प्रदीप शर्मा ने भेंट की। बंद कमरे में कई मुद्दों पर चर्चा भी हुई है। सूत्रों के अनुसार प्रशासन और अखाड़ा परिषद ने सिंहस्थ तैयारियों के लिए समन्वय पर जोर दिया है।

प्रशासन ने 30 करोड़ श्रद्धालुओं के अनुसार तैयारी की है, लेकिन अखाड़ा परिषद अध्यक्ष रवींद्रपुरी जी ने अधिकारियों से दावा किया है कि प्रयागराज के अनुभव के बाद उज्जैन में 40 करोड़ से ज्यादा लोगों की भीड़ आने की संभावना है। इस दावे के बाद प्रशासन ने रिव्यू भी शुरू कर दिया है। अब 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने के मान से तैयारियां की जाएंगी।

परिषद अध्यक्ष ने कहा महाकाल मंदिर और महाकाल लोक के कारण देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था बढ़ी है। सिंहस्थ में साधु संतों के स्थाई निर्माण के लिए जमीन आवंटन के मामले में भी चर्चा का दौर शुरू हुआ है। आज दोपहर अखाड़ा परिषद अध्यक्ष उन किसानों से चर्चा भी करेंगे जो जमीन अधिग्रहण का विरोध कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि सिंहस्थ के लिए स्थाई नगर बसाने की योजना पर काम चल रहा है और उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) 2378 हेक्टेयर क्षेत्र में योजना तैयार कर रहा है, लेकिन किसान इसका विरोध कर रहे हैं। वे इसके लिए अपनी जमीन देने को तैयार नहीं। इस सिलसिले में स्थानीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष डॉ. रामेश्वरदास भी परिषद अध्यक्ष से बात करेंगे। प्रशासन ने शिप्रा नदी को निर्मल बनाने की योजना और तैयारियों के बारे में भी बताया है।

महामंडलेश्वरों की सूची मांगी
प्रशासन ने अखाड़ा परिषद से महामंडलेश्वरों की सूची भी मांगी है ताकि अधिकृत सूची के अनुसार सिंहस्थ की तैयारी की जा सके। प्रयागराज में महामंडलेश्वर बनी फिल्म अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को लेकर विवाद सामने आ चुका है। अखाड़ा परिषद की सूची से स्थिति साफ हो सकेगी।

योजना में करेंगे संशोधन
अखाड़ा परिषद अध्यक्ष से सौजन्य भेंट हुई है। यह सही है कि अखाड़ा परिषद ने उज्जैन सिंहस्थ में 40 करोड़ लोगों के आने की संभावना बताई है। हम 30 करोड़ के मान से तैयारी कर रहे हैं। इसको लेकर रिव्यू किया जाएगा। योजनाओं में जरूरत पड़ी तो जरूरी संशोधन भी इसके लिए किए जाएंगे।
नीरज कुमार सिंह कलेक्टर

Share This Article