बादलों ने रोकी गर्मी की रफ्तार, तीखी धूप से राहत

मौसम: सुबह छाईं काली घटाएं, बूंदाबांदी के बाद सूरज की बादलों के साथ आंखमिचौली

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। होली के बाद मौसम का मिजाज एकदम से बदल गया है। रविवार को मौसम के तीन रंग नजर आए। सुबह काली घटाएं उमड़ आईं जिससे हल्की ठंडक के साथ मौसम खुशनुमा हो गया। इसके बाद कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी भी हुई जो ज्यादा देर नहीं चली। सुबह 9 बजते-बजते सूरज बादलों की ओट से बाहर निकल आया। इसके बाद बादलों के साथ सूरज की आंखमिचौली चलती रही।
दरअसल, पिछले दिनों से जारी तेज गर्मी के बीच शनिवार शाम से ही बादलों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। रविवार सुबह काले बादलों ने सूरज को अपनी आगोश में ले लिया जिससे तीखी धूप से लोगों को राहत मिली। हालांकि, दिन के तापमान में मामूली गिरावट आई लेकिन रात के पारे ३.५ डिग्री का उछाल आया। जिसके चलते शनिवार को अधिकतम तापमान ३६.५ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रविवार को न्यूनतम तापमान १९.५ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता ६६ प्रतिशत रही।
जब 38 डिग्री पहुंचा तापमान
पिछले कुछ दिनों से तेज गर्मी का प्रकोप दिखाई दे रहा था जिसके चलते धूप के तल्ख तेवर शहरवासियों को चुभने लगे थे। दोपहर में सडक़ें भी सूनसान नजर आने लगी थीं जिसके चलते दिन और रात के तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही थी। गर्मी के कारण १२ मार्च को दिन का तापमान इस सीजन में पहली बार ३८ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था जो अब तक का सबसे अधिक तापमान है।
इनका कहना
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते मौसम में बदलाव आया है और कहीं-कहीं छींटे पड़े हैं। सोमवार तक मौसम साफ हो जाएगा। इसके बाद १९ एवं २० मार्च को फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिसके चलते तापमान में फिर से उछाल आएगा।
डॉ. आरपी गुप्त, अधीक्षक, जीवाजी वेधशाला









