Advertisement

31 अपराध करने वाले चवन्नी की हेकड़ी निकाल दी पुलिस ने, कॉलोनी में घुमाया

हाथ जोडक़र बोला अपराध करने वाले यह काम छोड़ दें वरना पुलिस मेरे जैसा हाल करेगी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe

Advertisement

मंगल कॉलोनी का दादा बना फिरता था वहीं घुमाया

लंबी दाढ़ी, बड़े बाल वाले चवन्नी का हुलिया बदल दिया पुलिस ने

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। 31 अपराध कर लोगों में अपनी दहशत फैलाने वाले चिमनगंज क्षेत्र के आदतन बदमाश चवन्नी की पुलिस ने हेकड़ी निकाल दी। जब वह पुलिस की गिरफ्त में पहुंचा तब हाथ जोडक़र गिड़गिड़ाने लगा। लोगों पर रौब झाडऩे वाला भीगी बिल्ली बन गया। उसने न सिर्फ अपराधियों से अपराध छोडऩे की अपील की बल्कि संदेश दिया यदि अपराध की दुनिया को नहीं छोड़ा तो पुलिस उनका भी ऐसा ही हाल करेगी जैसा मेरा किया है। पुलिस ने उसे मंगल कॉलोनी में घुमाया।

इसी कॉलोनी का वह दादा कहलाता था। जब वह कॉलोनी में घूमा तब उसका हुलिया बदला हुआ था। जब पुलिस की पकड़ में आया तब उसका हुलिया अलग था। लंबी-लंबी दाढ़ी, बड़े-बड़े बाल, काला चश्मा लगाकर, हाथ में रिवाल्वर लेकर लोगों को धमकाने का उसका अपना अंदाज था। थाने में उसका अंदाज बदल गया। लंबे-लंबे बाल और दाढ़ी साफ हो गई थी। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Advertisement

दरअसल, कलेक्टर कार्यालय इंदौर में असिस्टेंड ग्रेड-3 के पद पर पदस्थ फरियादी ने चिमनगंज थाने में रिपोर्ट की थी जिसमें बताया था कि 18 मई की रात करीब 2 बजे वह किराए पर कार लेने के लिए सरकारी स्कूल के पास पहुंचे थे तभी चंचल उर्फ चवन्नी बरगुंडा, रितुराज उर्फ बाटली, अर्जुन बरगुंडा व अन्य साथी वैगनआर से वहां पहुंचे और रास्ता रोककर हथियार दिखाते हुए फिरौती मांगने लगे। जब फरियादी ने रुपए देने से इंकार किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।

बीच-बचाव करने पर फरियादी के परिचित अभिषेक चौहान को भी पीटा और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद फरियादी जान बचाकर भागा। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच की तो पता चला कि मंगलनाथ का रहने वाला चंचल उर्फ चवन्नी पिता बद्रीलाल बरगुंडा आदतन बदमाश है जिससे क्षेत्र की शांति भंग होती है। इसके बाद आरोपियों की पकडऩे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चवन्नी को धरदबोचा। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार और तलवार जब्त की है। जांच के बाद पुलिस ने बदमाश को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे भेज दिया गया।

पुलिस ने जारी किया वीडियो

पुलिस ने चवन्नी का वीडियो भी जारी किया है जिसमें वह थाने के बाहर खड़ा होकर अपने अपराध के लिए माफी मांगते हुए सुधरने की बात कह रहा है। हाथ जोडक़र उसने दूसरे अपराधियों को भी नसीहत दी कि जल्द से जल्द अपराध छोड़ दें वरना पुलिस मेरे जैसा हाल कर देगी।

31 अपराध कर चुका

चिमनगंज मंडी थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया ने बताया कि चंचल उर्फ चवन्नी अब तक ३१ अपराध कर चुका है। उस पर चिमनगंज थाने में लड़ाई, झगड़ा, मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। समय-समय पर कोई ना कोई अपराध करने के कारण क्षेत्र की शांति को खतरा था इसलिए पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया। उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जाल बिछा दिया है। बहुत जल्द उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Write a review