आखिर पिता के गुस्से ने ले ली मासूम बेटे की जान

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। बीते दिनों पत्नी के घूंघट नहीं करने से नाराज होकर पति ने अपने ही ४ साल के मासूम बेटे को जमीन पर पटक दिया था जिसकी माधवनगर अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात मौत हो गई है। मामले में पिता को बडऩगर पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
दरअसल, यह घटना 28 जून की है। बडऩगर के ग्राम उमरिया की रहने वाली मुस्कान पति आजाद शाह अपने पति आजाद पिता ताहिर शाह और 4 साल के बेटे तनवीर के साथ बडऩगर में खरीदारी करने आई थी। वापस पैदल उमरिया लौटते समय आजाद ने घूंघट करने को लेकर मुस्कान से अभद्रता की थी और कहा था किघूंघट नहीं किया तो वह तनवीर को फेंक देगा।
बारिश के चलते मुस्कान घूंघट नहीं कर पा रही थी, इसी से गुस्सा होकर आजाद ने बेटे तनवीर को केसूर रोड पर जान से मारने की नीयत से जोर से जमीन पर पटक दिया। जिससे उसके सिर, हाथ, पैर और अन्य जगह चोट लगी थी। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 3.30 बजे माधवनगर अस्पताल में इलाज के दौरान तनवीर की मौत हो गई। माधवनगर थाने के जांच अधिकारी सियाराम सिंह भदौरिया ने बताया कि गुरुवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जेल में है पिता
अपने ही जिगर के टुकड़े की जान लेने वाले कलयुगी पिता को पुलिस ने उसकी पत्नी मुस्कान की रिपोर्ट पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा था जहां से उसे जेल भेज दिया गया था। अब मामले में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।










