महाकाल मंदिर के सामने रोड पर अतिक्रमण, उठा आक्रोश

श्रद्धालुओं के लिए कांग्रेस आंदोलन करने की तैयारी में, मित्र मंडल भी देगा धरना

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। महाकाल मंदिर के सामने गुदरी चौराहा तक मुख्य रोड पर अतिक्रमण को लेकर अब कांग्रेस और भक्तों का आक्रोश भी उठने लगा है। जल्द अतिक्रमण न हटा तो कांग्रेस आंदोलन की तैयारी कर रही। महाकाल इंटरनेशनल चौराहा मित्र मंडल भी इसको लेकर धरने की तैयारी कर रहा।
महाकाल मंदिर के सामने पूर्व दिशा में मुख्य रोड पर न केवल ई रिक्शा बल्कि ऑटो और चाट चौपाटी के ठेले भी लगाए जाते हैं। खाली जगह में बाइक पार्क की जाती है तो रुद्राक्ष और धार्मिक वस्तुएं बेचने वाले फुटकर व्यापारी भी बैठते हैं। इससे मंदिर के सामने सुंदर रोड की जगह अस्त व्यस्त दृश्य दिखाई देता है।
कांग्रेस पार्षद माया त्रिवेदी ने कहा यह स्थिति ठीक नहीं है। बाहर से आने वाले दर्शनार्थियों को सुंदर और सुविधाजनक जगह उपलब्ध कराई जाना चाहिए लेकिन प्रशासन सब कुछ देखकर भी कुछ नहीं कर रहा। उन्होंने कहा वे इसके लिए आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगी। महाकाल इंटरनेशनल चौराहा मित्र मंडल के ऋषभ बाबू यादव ने भी इस स्थिति पर नाराजी जताई। कहा, इसको लेकर रहवासियों में भी आक्रोश है लेकिन जिम्मेदार अधिकारी यहां की स्थिति देखने ही नहीं आते। नगर निगम और प्रशासन के अधिकारियों को कई बार यह स्थिति बता चुके, लेकिन समस्या आज भी दूर नहीं हो सकी है। अब हमारा सब्र टूट रहा है और धरना देकर प्रशासन को नींद से जगाने का प्रयास किया जाएगा।
इधर… महाकाल शिखर दर्शन भी बैरिकेडिंग की ’कैद’ में: महाकाल मंदिर के पीछे बड़ा गणेश मंदिर के सामने श्री महाकालेश्वर शिखर दर्शन की सुविधा अभी बैरिकेडिंग की जद में है। देशभर से आने वाले भक्त करीब से जाकर शिखर दर्शन नहीं कर पा रहे। मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने बताया दरअसल, अभी शिखर दर्शन स्थल पर रैलिंग लगना बाकी है। इस कारण दर्शनार्थी शिखर दर्शन स्थल से प्रवेश कर महाकाल मंदिर में प्रवेश करने लगेंगे। इससे अव्यवस्था होने के कारण बेरिकेड्स लगाए गए हैं।









