कर्मचारी ने सीटी बजाई और एयरो ब्रिज पर कूदने लगे 300 सुरक्षाकर्मी

कलेक्टर ने पिछले दिनों बैठक में दिए थे निर्देश, 29 जुलाई को नागपंचमी पर्व
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
28-29 जुलाई की मध्य रात्रि 12 बजे खुलेंगे पट
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। 29 जुलाई को नागपंचमी पर्व की तैयारियां श्री महाकालेश्वर मंदिर में शुरू हो गई हैं। मंदिर के शिखर पर विराजित सालभर में केवल एक बार खुलने वाले भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर तक पहुंचने के लिए बनाए गए एयरो ब्रिज की जांच के लिए गुरुवार दोपहर अधिकारी पहुंचे। उनके साथ मंदिर की सुरक्षा में तैनात क्रिस्टल के ३०० सुरक्षा गाड्र्स भी थे।
अधिकारियों ने ब्रिज की मजबूती जांचने और उसकी क्षमता को परखने का अजीब तरीका निकाला। उन्होंने ब्रिज पर महिला और पुरुष सुरक्षाकर्मियों की अलग-अलग लाइन लगाई गई और इसके बाद मंदिर समिति के कर्मचारी के सीटी बजाते ही सुरक्षाकर्मियों ने ब्रिज पर कूदना शुरू कर दिया। इस दौरान वहां मौजूद उपप्रशासक एसएन सोनी, लोक निर्माण विभाग (भवन/पथ) के कार्यपालन यंत्री गौतम अहिरवार, सहायक प्रशासक शिवकांत पांडेय, देवेंद्र परमार, मूलचंद जूनवाल, विशेष कर्तव्यथ अधिकारी जयंत राठौर एवं सुरक्षा प्रभारी अनुराग चौबे उन्हें देखते रहे। कुछ देर तक यही सिलसिला चलता रहा जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों को रवाना कर दिया गया।
दरअसल, पिछले दिनों कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने अपने सभाकक्ष में नागपंचमी पर्व की तैयारियों को लेकर बैठक ली थी जिसमें उन्होंने एयरो ब्रिज की क्षमता की तकनीकी जांच करने के निर्देश दिए थे जिससे कोई अप्रिय स्थिति ना बने। उन्होंने स्पष्ट किया था कि ब्रिज की मजबूती एवं उपयोग के लिए उपयुक्त होने का प्रमाण पत्र पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री से लिया जाए। इसी के चलते अधिकारियों ने इस तरह से ब्रिज की मजबूती और उसकी क्षमता की जांच की। अब रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी जाएगी।
साल में एक बार दर्शन
12 ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री महाकालेश्वर मंदिर में 29 जुलाई को नागपंचमी पर्व मनाया जाएगा। मंदिर के शिखर पर मौजूद नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट 28 जुलाई की मध्य रात्रि रात 12 बजे खुलेंगे जो 29 जुलाई की रात 12 बजे तक अनवरत खुले रहेंगे। साल में केवल नागपंचमी पर ही मंदिर के पट 24 घंटे के लिए खुलते हैं। हर साल लाखों इस दिन देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
ऐसे होगी श्रद्धालुओं की एंट्री
नागपंचमी पर भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्र्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को कर्कराज पार्किंग पर वाहन पार्क करने होंगे। इसके बाद भील समाज धर्मशाला में बने जूता स्टैंड पर जूते उतारने के बाद गंगा गार्डन के समीप वाले मार्ग से चारधाम मंदिर पार्किंग जिगजेग, हरसिद्धि चौराहा से रूद्रसागर के समीप से विक्रम टीला होते हुए बड़ा गणेश मंदिर के सामने पहुंचेंगे।
यहां से गेट नंबर 4 के रास्ते मंदिर में प्रवेश कर विश्रामधाम, एयरो ब्रिज होते हुए भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन करेंगे। इसके बाद एयरो ब्रिज से विश्रामधाम रैम्प, मार्बल गलियारा होते हुए नवनिर्मित मार्ग से बड़ा गणेश के सामने से हरसिद्धि चौराहा, हरसिद्धि धर्मशाला के सम्मुख वाले रास्ते से होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।









