1500 रुपए के लिए हत्या करने वाले पिता-पुत्र पकड़ाए

रतलाम में ग्राम लुनेरा में रिश्तेदार के घर छिपे थे, आज करेंगे कोर्ट में पेश

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नागदा में उधारी के रुपए के विवाद में सगे भाई की हत्या करने वाले आरोपी और उसके बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि ग्राम निनावटखेड़ा के रहने वाले देवीलाल पिता भुवानजी परमार का उसके बड़े भाई प्रकाश परमार से 1500 रुपए की उधारी को लेकर मनमुटाव था। इसी बात को लेकर २ सितंबर की शाम को बालाजी मंदिर चौराहे पर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हो गई जिसने देखते ही देखते विवाद का रूप ले लिया। झगड़े के दौरान प्रकाश परमार ने देवीलाल पर ईंट से हमला किया और उसके पुत्र पवन परमार ने चाकू से चाचा देवीलाल पर वार कर दिया। देवीलाल को परिजन एवं ग्रामीण गंभीर हालत में तत्काल शासकीय अस्पताल नागदा ले गए जहां डॉक्टर्स ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के चचेरे भाई राकेश परमार की रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज किया और जांच के लिए विशेष टीम गठित की। टीम हत्यारे पिता-पुत्र के संभावित ठिकानों, घर पर दबिश दी और मोबाइल लोकेशन ट्रेस की। इसी बीच मुखबिर ने सूचना दी कि दोनों रतलाम जिले बिलपांक थाना क्षेत्र के ग्राम लुनेरा में छिपे हैं। इसके बाद टीम ने दबिश देकर भागने की तैयारी कर रहे आरोपी प्रकाश परमार और उसके बेटे पवन परमार को बुधवार शाम गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को पुलिस कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है।
आरोपियों को रिमांड पर लिया जाएगा
आरोपी हत्या के बाद रतलाम के ग्राम लुनेरा में अपने किसी रिश्तेदार के घर छिपे हुए थे जिसे अन्य रिश्तेदार ने देख लिया और उसने पुलिस को सूचना दे दी थी। इसके बाद टीम बनाई गई और उसे लुनेरा भेजा गया, जहां से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को इन्हें कोर्ट में पेश कर घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त करने के लिए रिमांड पर लिया जाएगा।
वीरेंद्र सिंह चौहान, इंचार्ज, थाना नागदा









