सीएम डॉ. मोहन यादव के अभिमन्यु का कल पाणिग्रहण आज शाम होटल अथर्व में महिला संगीत की महफिल

माता पूजन और विवाह रस्मों के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के छोटे बेटे डॉ. अभिमन्यु यादव रविवार को खरगोन की डॉ. इशिता यादव पटेल के साथ परिणय सूत्र में बंधेंगे। मुख्य समारोह शिप्रा तट सावराखेड़ी में होगा। डॉ. यादव ने अपने पुत्र का विवाह सामाजिक सरोकार के पावन उद्देश्य से सामूहिक विवाहोत्सव में करने का निर्णय लिया है।
डॉ. अभिमन्यु, 20 अन्य नवयुगलों के साथ परिणय बंधन में बंधेंगे। विवाह समारोह की शुरुआत शुक्रवार को माता पूजन के साथ हुई। अब्दालपुरा स्थित मुख्यमंत्री के पैतृक निवास पर पूजन की परंपरा संपन्न हुई। पत्नी सीमा यादव, बड़े पुत्र वैभव यादव, बेटी डॉ. आकांक्षा, बड़े भाई नंदलाल यादव (प्रेस क्लब अध्यक्ष), नारायण यादव और बहन कलावती यादव (निगम अध्यक्ष), चचेरे भाई गोविंद यादव बबलू भैया, मित्रगण रवि सोलंकी, राजेश सिंह कुशवाह, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित परिजन शामिल हुए और जमकर झूमे। शनिवार शाम को महिला संगीत का कार्यक्रम यंत्र महल मार्ग स्थित होटल अथर्व में होगा। यहां गीत-संगीत की महफिल सजेगी। यादव परिवार के बाहर से आए मेहमान भी यहीं ठहरे हैं।
वीआईपी के लिए वातानुकूलित डोम
हरिफाटक वाकणकर ब्रिज के समीप सांवराखेड़ी में होने जा रहे इस सामूहिक विवाह सम्मेलन के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। विवाह स्थल पर एक डोम में विशेष रूप से पांच ग्रीन रूम तैयार किए गए हैं। भोपाल से आए गोलू विश्वकर्मा समेत 30 कारीगरों ने प्लाइवुड और फ्लेक्स से ये आकर्षक कमरे मात्र 24 घंटे में तैयार किए हैं। इन ग्रीन रूम्स की खासियत है कि प्रत्येक में वेस्टर्न लैटबाथ अटैच है। इसके अलावा, एक पेंट्री रूम भी बनवाया गया है, जहाँ वीआईपी के लिए चाय-नाश्ते की सुविधा रहेगी। इनमें से चार ग्रीन रूम सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल होने वाले वीआईपी के लिए हैं, जबकि एक ग्रीन रूम मुख्यमंत्री और उनके परिवार के लिए रहेगा। समारोह स्थल पर शनिवार को भी तैयारी चलती रही।
8 राज्यों के राज्यपाल और 11 मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण
इस सामाजिक समरसता से परिपूर्ण सामूहिक परिणय मंगल समारोह के लिए देश भर के कई गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रण भेजा गया है। इनमें आठ राज्यों के राज्यपाल और 11 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हैं। प्रशासन को अभी तक कर्नाटक राज्यपाल थावरचंद गेहलोत, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पत्नी, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, दुर्गादास उइके और प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल के आने की स्वीकृति मिल चुकी है। शेष वीआईपी की जानकारी शाम तक प्रशासन को मिलने की संभावना है।
कल निकलेगी बारात: मुख्यमंत्री के पुत्र अभिमन्यु यादव के साथ ही 20 और जोड़े इस विवाह समारोह में विवाह बंधन में बंधेगे। विवाह समारोह का आयोजन हरिफाटक ब्रिज के पास डा. वाकणकर ब्रिज के नजदीक शिप्रा तट पर होगा। लगभग एक सप्ताह से यहां विवाह समारोह की तैयारी चल रही है। रविवार सुबह 8 बजे इंपीरियल होटल के नजदीक से सभी 21 दुल्हों की बारात आरंभ होगी। सुबह 11 बजे शिप्रा तट के मुख्य पांडाल में विवाह समारोह आरंभ हो जाएगा, जो दोपहर लगभग 2.30 बजे तक चलेगा। इस आयोजन में वर व वधू पक्ष दोनों ही ओर के लगभग पांच हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।
इनका होगा विवाह
- डॉ. अभिमन्यु यादव-डॉ. इशिता पटेल
- अंकित यादव-साधना यादव
- भूपेन्द्र सिंह-संध्या सिंह
- भगवान जयपाल-कविता तंवर
- शुभम मकवाना-पायल भानवे
- शिवम अहीर-किरण अहीर
- घनश्याम राव-हर्षिता चौहान
- ऋषि कुमार-अर्पिता यादव
- अनिकेत-नेहा वाघेला
- कृपाराम धनोडिय़ा-मनीषा
- राजकुमार सिंह-मिताली गौर
- विजय सूर्यवंशी- मुस्कान बाघेला
- हिमांशु यादव-भूमिका यादव
- अनमोल जोशी-शिवानी यादव
- मोहित-मुस्कान
- प्रशांत तिवारी-खुशी यादव
- मुकेश कुमार-टीना
- रजत लाडगे-रानी भारती
- शिवपाल सिंह ठाकुर-जयश्री ठाकुर
- शिखर आंजना- सपना ऑजना
- सागर परमार-ज्योति गोहिल
कल शहर में रहेगी सरकार, ट्रैफिक प्लान तैयार
पांच रूट पर वाहन प्रतिबंधित महाकाल मंदिर जाने के 2 रूट
रविवार को होने वाले सामूहिक विवाह समारोह में मप्र के लगभग सभी मंत्री यानी की पूरी सरकार ही उज्जैन में मौजूद रहेंगी। इसके अलावा राज्यपाल व कुछ केंद्रीय मंत्रियों के भी इस समारोह में शामिल होने की संभावना है। समारोह में 5 हजार से ज्यादा लोग मौजूद रहेंगे। इस आयोजन के लिए टै्रफिक पुलिस ने भी प्लान तैयार किया है। रविवार सुबह से लेकर शाम तक समारोह स्थल के आसपास के पांच रूट पर सभी तरह के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बड़ी संख्या में वीआईपी आगमन को देखते हुए टै्रफिक पुलिस ने अलग-अलग रूट बनाए हंै। हरिफाटक वाला रूट महाकालेश्वर जाने वाले दर्शनार्थियों के लिए भी अहम रहता है लिहाजा दर्शन के लिए पृथक व्यवस्था बनाई जाएगी। महाकाल मंदिर के लिए दो रास्ते अलग से तय किए गए हैं। इसका उपयोग करके श्रद्धालु मंदिर तक आ-जा सकेंगे।
ये रूट रहेंगे पूरी तरह प्रतिबंधित
शांति पैलेस से हरिफाटक मार्ग
नीलगंगा चौराहे से हरिफाटक मार्ग
लालपुल से हरिफाटक मार्ग
आस्था गार्डन तिराहे से सिंहस्थ बायपास मार्ग
इंजीनियरिंग कॉलेज से आस्था गार्डन तिराहा मार्ग
समारोह के लिए व्यवस्था
इंदौर, देवास, भोपाल रूट से जो भी अतिथि आएंगे, वे तपोभूमि, आस्था गार्डन तिराहा, सिंहस्थ बायपास दाउदखेड़ी होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगे।
बडनगर, उन्हेल, नागदा रूट से आने वाले अतिथि धरम बड़ला और साढू माता की बावड़ी से सिंहस्थ बायपास होते हुए समारोह स्थल तक जाएंगे।
उज्जैन शहर से समारोह में शामिल होने वाले अतिथि तीन बत्ती, लोति तिराहा, हनुमान नाका, जंतर-मंतर, लालपुल छोटी रपट, पंचमुखी हनुमान होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुचेंगे।









