सीएम हेल्पलाइन में शिकायत 50 दिन से अधिक रही तो रुकेगा अधिकारियों का वेतन- कलेक्टर सिंह

अधिकारी शिकायतों को देखे और उनका निराकरण करे सहायक के भरोसे न रहें
अक्षरविव न्यूज उज्जैन। सोमवार को प्रशासनिक संकुल भवन में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने समायावधि पत्रों की समीक्षा करते हुए सीएम हेल्पलाईन के मामले में विभिन्न विभाग को निर्देश दिए। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन में 50 दिवस से अधिक की शिकायतों के निराकरण में ढिलाई बरतने पर दो मुख्य नगर पालिका अधिकारी और एक तहसीलदार का वेतन रोकने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए उसकी समयावधि में निराकरण किया जाए।
उन्होंने बैठक में कहा कि सभी विभागीय अधिकारी स्वयं शिकायतों को देखे और उनका निराकरण करे सहायक के भरोसे न रहें। विभागीय अधिकारी का लक्ष्य शिकायतों का संतुष्टि के साथ निराकरण करना है, न कि फोर्स क्लोज करना। कलेक्टर ने पिछडा वर्ग विभाग की उच्चशिक्षा की छात्रवृत्तिया लंबित रहने पर नाराजगी व्यक्त की और कहा है कि संबंधित विभाग के अधिकारी नियमित रूप से इस कार्य की समीक्षा करें और सुनिश्चित करें की छात्रों को छात्रवृत्ति समय पर मिले।
जनआकांक्षा सुशासन की पहल के तहत नगरीय निकायों की शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की तथा लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने रासायनिक खाद वितरण के मामले में भी जिले के सभी एसडीएम से चर्चा की। बैठक में बताया गया कि खाद वितरण की स्थिति जिले में संतोषजनक है। इसी के साथ यह भी कहा की हॉर्टिकल्चर विभाग द्वारा किए गए 15 हजार पौधों के रोपण का सत्यापन किया जाए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेंयांस कूमट, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।









