उज्जैन के बैडमिंटन खिलाडिय़ों को मिलेगी नई सुविधा, शलाका हॉल में 5वें कोर्ट का भूमिपूजन

महापौर की सहायता से 30 लाख रुपए स्वीकृत, 1983 में दो कोर्ट से शुरू हुआ सफर
अक्षरविव न्यूज उज्जैन। माधव क्लब स्थित शलाका बैडमिंटन संघ में 5वें वुडन कोर्ट का भूमिपूजन सोमवार को किया गया। महापौर ने निर्माण के लिए 30 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की है। भूमिपूजन महापौर मुकेश टटवाल, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा और उज्जैन जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष वैभव यादव, ने किया। इस मौके पर आशीष जैन, राजेश चौरशी, ओंकार पाल, वीरेंद्र रघुवंशी, राजेश योहान, दिलीप धनवानी, प्रभात सिरसट, श्रेय जैन, कुलमित खालसा, राजीव गुप्ता, रमन जायसवाल, करण यादव, डॉ. नमिता अग्रवाल, हर्ष गुप्ता और मनु गौतम मौजूद थे।
शलाका बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष डॉ. कात्यायन मिश्र और सचिव विजय भार्गव लंबे समय से ५वें कोर्ट के निर्माण के लिए प्रयासरत थे। खेलों के प्रति बढ़ती जागरुकता और युवा खिलाडिय़ों के राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन को देखते हुए नए कोर्ट का निर्माण सुनिश्चित हुआ है।
दो कोर्ट से पांच कोर्ट तक का सफर
1983 में शलाका बैडमिंटन संघ में दो कोर्ट थे। 1996 में एक और कोर्ट बनने से इनकी संख्या तीन हो गई। इसके बाद 2016 में पार्षद निधि से चौथे वुडन कोर्ट का निर्माण किया गया। अब ५वें कोर्ट के बनने से खिलाडिय़ों को अभ्यास के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।









