विद्यार्थियों को मिलेगा प्रतियोगी परीक्षाओं का मंच

हरियाणा सेवा आश्रम में कराई जाएगी तैयारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नृसिंह घाट रोड स्थित हरियाणा सेवा आश्रम जरूरतमंद विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मंच देने वाला है। आश्रम में नवोदय, सैनिक स्कूल में दाखिल दिलाने के साथ यूपीएससी, पीएससी, एनडीए की प्रवेश परीक्षा की तैयारी नि:शुल्क कराई जाएगी। फीस भरने से लेकर दाना-पानी तक की व्यवस्था आश्रम करेगा। जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर ज्योतिगिरी ने यह पहल की है। वह अब तक महाराष्ट्र के मनमाड़ में शिक्षा प्रकल्प चला रहे हैं, अब यह प्रकल्प उज्जैन में भी चलेगा। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी आश्रम में रहकर ही करनी होगी। यहां खाने-पीने से रहने तक की व्यवस्था उपलब्ध है।
क्या होगा शिक्षा प्रकल्प में
सैनिक स्कूल: नवोदय स्कूल प्रवेश परीक्षा की तैयारी- पांचवीं पास करने वाले छात्रों को सैनिक और नवोदय स्कूल में प्रवेश के लिए तैयार किया जाएगा।
एनडीए: 9 वीं और 10 वीं के छात्रों को एनडीए की तैयारी कराई जाएगी।
एसएससी-सीएचएसएल: १२ वीं के छात्रों को एसएससी,सीएचएसएल की तैयारी कराई जाएगी।
यूपीएससी-पीएससी: ग्रेजुएशन करने वाले विद्यार्थियों को यूपीएससी, पीएससी के लिए तैयार किया जाएगा।
कैसे मिलेगा प्रवेश
आश्रम में रहकर पढ़ाई करने का पैमाना कड़ा अभ्यास रहेगा। वहीं छात्र शामिल हो सकेेंगे, जो जरूरतमंद हों और जो कड़ी मेहनत के लिए तैयार होंगे। महामंडलेश्वर ज्योतिगिरी जी ने बताया देश में व्याप्त भेदभाव और सामाजिक असमानता को खत्म करने का एकमात्र सशक्त माध्यम शिक्षा है। शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का साधन नहीं होनी चाहिए, वह समाज को जोडऩे, सोच बदलने वाली होनी चाहिए। इसी क्रम में वे वंचित, असहाय, गरीब और आदिवासी बच्चों को शिक्षित करने और उन्हें प्रतियोगी परीक्षा के लिए तैयार करने का काम कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने झाबुआ के पिटोल और खेड़ी के स्कूलों में संपर्क किया है।









