‘टुन्न’ होकर किया ड्राइव तो पुलिस के साथ मनाना पड़ेगा नया साल

न्यू ईयर सेलिब्रेशन से पहले पुलिस की सख्ती शुरू

बैक टू बैक मीटिंग लेकर दिए थे निर्देश
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नया साल जैसे-जैसे करीब आ रहा है, वैसे-वैसे जश्न की खुमारी छाने लगी है। कोई वेकेशन पर जाकर, कोई रेस्टोरेंट, क्लब, पब, होटल्स में नए साल का वेलकम करने को तैयार है तो कई घर पर न्यू ईयर सेलिब्रेशन का जश्न मनाएंगे। नए साल के स्वागत की खुशी में आप नियमों को तोड़ते हैं तो हो सकता है आपको नया साल पुलिस के साथ मनाना पड़े। हालांकि, नियम ना टूटें इसलिए पुलिस ने अभी से एक्शन मोड में है।
इसी के तहत महाकाल पुलिस ने बीती रात शराब के नशे में ‘टुन्न’ होकर वाहन चालकों की धरपकड़ के लिए चैकिंग शुरू की। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर से चैकिंग की गई जिससे कोई भी शख्स ड्रिंक करके ड्राइव करते पकड़ा जाए तो उस पर कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। 31 दिसंबर और नए साल की रात शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
जश्न को लेकर पुलिस अधिकारियों ने बैक टू बैक मीटिंग्स ली थी। 26 दिसंबर को एडीजी उमेश जोगा तो 27 दिसंबर को डीआईजी नवनीत भसीन और एसपी प्रदीप शर्मा ने मीटिंग लेकर अधीनस्थों को निर्देश जारी किए थे। इसमें नए साल की पूर्व संध्या पर शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने वालों पर निगरानी रखते हुए ब्रेथ एनालाइजर से जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए। होटल, रेस्टोरेंट, रिसोर्ट, ढाबा, बाजार, पार्क, मॉल एवं धार्मिक स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस की प्रभावी तैनाती की जाए। इसके साथ ही अन्य निर्देश भी दिए गए।









