जनसुनवाई : 30 साल से रह रही महिला को पट्टे की आस, कलेक्टर ने सुनी समस्याएं

गोचर भूमि पर पट्टा दिलाने के नाम पर ठगी

उज्जैन। शासकीय संकुल भवन में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने जिले भर से आए आवेदकों की समस्याएं सुनीं। घट्टिया के बिछड़ौद की गंगाबाई ने जनसुनवाई में शिकायत की कि एक व्यक्ति ने उन्हें गोचर भूमि पर पट्टा दिलाने के नाम पर 10 हजार रुपये ठग लिए और अब जान से मारने की धमकी दे रहा है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक को जाँच कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में राजस्व, धोखाधड़ी, प्रधानमंत्री आवास और रोजगार से संबंधित मामले प्रमुखता से सामने आए, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।
रिकॉर्ड से गायब हुआ सर्वे नंबर: बडऩगर के ग्राम बालोदा हसन निवासी मदन सिंह ने शिकायत की कि उनकी कृषि भूमि का सर्वे नंबर वर्ष 2018-19 के बाद से राजस्व कंप्यूटर रिकॉर्ड से अचानक गायब हो गया है। कलेक्टर ने एसडीएम बडऩगर को रिकॉर्ड दुरुस्त करने के आदेश दिए।
30 साल से पट्टे का इंतज़ार: ग्राम मंगरोला की श्यामाबाई ने गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने का हवाला देते हुए आवासीय पट्टे की मांग की। कलेक्टर ने तहसीलदार को नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिए।
रुकी हुई पीएम आवास की किश्त: खाचरौद के भाटखेड़ी निवासी गोविंद सिंह ने बताया कि पहली किश्त के बाद दूसरी और तीसरी किश्त न मिलने से उनका मकान अधूरा पड़ा है, जिससे बारिश में परेशानी हो रही है। कलेक्टर ने सीईओ जनपद खाचरौद को तत्काल राशि जारी करने को कहा। शासकीय पॉलिटेक्निक विद्यालय में 8-9 साल से कार्यरत संतोष धावरी ने बिना कारण काम से निकालने की शिकायत की, जिस पर प्राचार्य पॉलिटेक्निक को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित
किया गया।
कलेक्टर ने आईटी पार्क का निरीक्षण किया
उज्जैन। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने मंगलवार को शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप निर्माणरत आईटी पार्क का निरीक्षण किया। एमपीआइडीसी के क्षेत्रीय महाप्रबंधक राजेश राठौर एवं अन्य अधिकारीगण साथ थे। राठौर ने बताया कि आईटी पार्क के प्रथम फेज का कार्य तेजी से किया जा रहा है। दूसरे फेज के लिए टेंडर की प्रक्रिया हो चुकी है। प्रथम फेज में बनने वाला भवन जी प्लस-06 होगा। कलेक्टर श्री सिंह द्वारा आईटी पार्क के प्रथम फेज में पार्किंग स्थल और प्रथम तल का अवलोकन किया गया। बताया गया कि प्रथम फेज दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। प्रथम फेज लगभग 46 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होगा। आईटी पार्क में कुल 04 फेज रहेंगे। कलेक्टर श्री सिंह ने इसका व्यापक प्रचार प्रसार किए जाने के निर्देश दिए।









