मौके का फायदा : खड़े हनुमान की कीर्ति फैली पुराना धंधा छोड़ व्यापारी बेचने लगे पूजन सामग्री

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सराफा स्थित खड़े हनुमान मंदिर की कीर्ति ने यहां के व्यापारियों को नए बिजनेस का मौका भी दे दिया है। अब पुराने व्यापारियों में से कुछ मूल कारोबार के साथ पूजन सामग्री भी बेचने लगे हैं।
दरअसल, कंठाल चौराहा- छत्रीचौक मार्ग चौड़ीकरण में खड़े हनुमान मंदिर को स्थानांतरित करने के प्रकरण ने इस इलाके को देश-दुनिया में ख्यात कर दिया है। हाल यह है कि बड़ी संख्या में लोग मंदिर में दर्शन करने आ रहे हैं। ई-रिक्शा और ऑटोचालकों ने खड़े हनुमान मंदिर को अपने पर्यटन डेस्टिनेशन में शामिल कर लिया है। इसके चलते यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में यहां के कुछ कारोबारी अपने मूल कारोबार के साथ पूजन सामग्री भी बेच रहे हैं। इन्होंने नारियल, अगरबत्ती, दीपक और अन्य सामग्री भी रखना शुरू कर दिया है।
खड़े हनुमान के समीप फुट वियर दुकान के संचालक अमित मालवीय ने बताया की चौड़ीकरण के दौरान स्थानीय व्यापारीयों का धंधा खत्म हो गया है। ऐसे में अब जबकि लोग खड़े हनुमान मंदिर आ रहे हैं तो हमने फूल- प्रसादी बेचना शुरू कर दी है। अब लगभग 800-1000 की सामग्री रोजाना बिक जाती है। फुटवियर कारोबार को बंद कर पूजन सामग्री को ही अपना मुख्य बिजनेस बना लिया है।









