संदलवाला बिल्डिंग खाली करवाई आजादनगर में भी टूटने लगे मकान

उज्जैन। कंठाल चौराहा-छत्री चौक सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे भवनों को हटाने का काम एक बार फिर तेज हो गया है। मंगलवार को संदलवाला बिल्डिंग की दुकानों को खाली कराया गया। यह दुकानें चौड़ीकरण के दायरे में आ रही है। इसी तरह की तैयारी मिर्जा नईम बेग मार्ग पर भी की गई। यहां चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे मकान-दुकान के संबंध में मुनादी करा दी गई।
दरअसल, संदलवाला बिल्डिंग हेरिटेज है और यह बेहद खूबसूरत बनी हुई है। बिल्डिंग की बाकी मंजिलों पर रेस्टोरेंट-होटल संचालित होते हैं, लेकिन निचले हिस्से में छोटी-छोटी दुकाने हैं। चूंकि यह चौड़ीकरण के दायरे में आ रही हैं,इसलिए इन्हें खाली करा लिया गया। बिल्डिंग के सामने ही शाही मस्जिद है। इधर स्वीमिंग पूल चौराहे से दो तालाब तक हो रहे चौड़ीकरण काम में भी मकान-दुकानों के टूटने का काम शुरू हो गया। आजादनगर तरफ की साइड नाली से ५ फीट के अंदर तक निशान लगाए गए हैं। यहां कई दुकानें बन गई हैं। इन्होंने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया है।









