एक्टिवा डिवाइडर से टकराई, रिहर्सल के लिए जा रहे 9वीं के छात्र की मौत

स्काउट कैडेट 26 जनवरी की तैयारी के लिए दोस्त के साथ जा रहा था स्कूल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शनिवार सुबह सड़क दुर्घटना में कक्षा नौंवी के छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। छात्र स्कूल के स्काउट का सदस्य था और घटना के वक्त दोस्त छात्र के साथ एक्टिवा से 26 जनवरी के कार्यक्रम की रिहर्सल के लिए स्कूल जा रहा था।
घटना शनिवार सुबह करीब 7.30 बजे की है। रामघाट मार्ग रहने वाला जफर पिता हिफजुल रहमान (16) महाराजवाड़ा स्कूल में कक्षा 9वीं का छात्र है। शनिवार सुबह उसका क्लासमेट जयसिंहपुरा निवासी विश्वजीत पिता शंकर लाल एक्टिवा से आया और दोनों छात्र एक्टिवा से स्कूल के लिए निकल पड़े। एक्टिवा जफर चला रहा था। रास्ते में कर्कराज पार्किंग के पास एक्टिवा डिवाइडर से टकरा गई जिससे जफर का सिर फट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा विश्वजीत मामूली घायल हुआ है। मौके पर मौजूद लोग दोनों को लेकर तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जफर को मृत घोषित कर दिया। जबकि गहरे सदमें में होने के कारण विश्वजीत का इलाज किया गया।
घटना से परिजन सदमे में
घटना की जानकारी मिलते ही जफर के परिजन सदमें में आ गए। जफर के पिता हिफजुल रहमान मिस्त्री हैं। उनके पांच बच्चे हैं जिसमें जफर चौथे नंबर की संतान है। घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल मेें मित्र-रिश्तेदारों की भीड़ लग गई।
पिता के नाम गाड़ी
विश्वजीत के पिता शंकरलाल नृसिंह घाट के पास चाय की दुकान लगाते हैं। एक्टिवा गाड़ी शंकरलाल के नाम पर है, जिसे बेटा विश्वजीत चुपचाप से ले गया था। घटना से विश्वजीत काफी डर गया है और परिवार तनाव में हैं।
कार से टक्कर का आरोप
मृतक जफर के परिजनों ने जिला अस्पताल में पुलिस को बताया कि घटना कार की टक्कर से हुई है। ऐसा उन्हें कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है। हालांकि, पुलिस ने इस बारे में फिलहाल कुछ नहीं कहा है। मामले की जांच जारी है।









