सबको पकड़ेंगे, आप कोचिंग खोलिए सुरक्षा की जिम्मेदारी मेरी : एसपी शर्मा

मामला कोचिंग संचालक से मारपीट का, दूसरे दिन भी कोचिंग इंस्टीट्यूट संचालकों का प्रदर्शन
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बजरंग दल कार्यकर्ता को पीटने वाले पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने की मांग
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। केशवनगर में कोचिंग संचालक के साथ हफ्ता मांगने को लेकर की गई मारपीट के खिलाफ बुधवार को भी प्रदर्शन हुआ। कोचिंग क्लास एसोसिएशन, भारत विकास परिषद और क्षेत्रीय रहवासी एकत्र होकर पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे चक्काजाम कर नारेबाजी की। एसपी प्रदीप शर्मा को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे लेकिन एसपी ने कुछ लोगों को अंदर बुलाया लेकिन कोई नहीं गया। एसपी बाहर आए और प्रदर्शन करने वालों से मिलकर बदमाशों को पकडऩे का आश्वासन देकर चक्काजाम खत्म करवाया।
दरअसल, केशवनगर निवासी अजय जागरी कोचिंग क्लास संचालक हैं। जागरी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 12.15 बजे क्षेत्र के ही इमरान और आरिफ ने उनसे कहा कि हम यहां के दादा है, यहां कोचिंग सेंटर चलाने के लिए हर हफ्ते रुपए देना पड़ेंगे। जब अजय जागरी ने रुपए देने से इंकार किया तो दोनों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इसमें दोनों युवकों के परिवार के लोग भी पहुंच गए। मारपीट में अजय जागरी गंभीर घायल हो गए। उन्हें सिर और पीठ में चोट लगी। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी पूनम से भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की की। घायल अजय को पहले चरक हॉस्पिटल ले जाया गया जहां से हालत गंभीर होने पर इंदौर रैफर किया, लेकिन वे एक निजी अस्पताल में भर्ती हो गए। मामले में मंगलवार को नीलगंगा पुलिस ने आरिफ और इमरान के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था।
मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करें
घटना के दौरान बजरंग दल कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई थी। जिसके बाद एक कार्यकर्ता को पुलिसकर्मियों ने पीटा था जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसके बाद हिंदूवादी संगठनों ने महाकाल रोड जाम कर दिया। रात में एसपी कार्यालय का घेराव किया लेकिन सुनवाई नहीं होने पर बुधवार को बड़ी संख्या में कंट्रोल रूम पर लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान एसपी से मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने की मांग की गई। एसपी ने भी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके अलावा आरोपियों के अवैध निर्माण हटाने को लेकर ज्ञापन भी सौंपा गया।
बीच-बीच में बजीं तालियां
इस दौरान घायल अजय जागरी की पत्नी पूनम जागरी ने असलम, आरिफ, इमरान, नेहरू, अमन पावडर, यूसुफ के नाम बताए जिस पर एसपी ने कहा कि सभी पर कार्रवाई की जाएगी। ६ से ज्यादा आरोपी भी हुए तो उन्हें भी पकड़ा जाएगा। इस पर लोगों ने तालियां बजाईं। एसपी ने कहा शहर ही नहीं जिले की सुरक्षा का जिम्मा मुझ पर है। आप सब कोचिंग खोलिए, सुरक्षा की जिम्मेदारी मेरी है। इस पर फिर ताली बजी। कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।
सीसीटीवी फुटेज देखेंगे
सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी, उसमें जो भी शामिल होगा उसे गिरफ्तार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उनके अवैध नल कनेक्शन एवं कब्जे मिलते हैं तो इस संंबंध में नगर निगम को भी सूचना दी जाएगी। घटना बड़ी ना हो इसलिए वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने हल्का बल प्रयोग किया था जिसमें एक युवक को चोट आई थी, इस संबंध में जांच के लिए कहा कि यदि गलती पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी।
प्रदीप शर्मा, एसपी









