पीपलीनाका-भैरवगढ़, ओखलेश्वर मार्ग चौड़ीकरण दो दिन टला

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पीपलीनाका- भैरवगढ़, पीपलीनाका-तिलकेश्वर और पीपलीनाका-ओखलेश्वर मार्ग की चौड़ाई को लेकर चल रही प्रक्रिया दो दिन टल गई है। रहवासियों के प्रदर्शन के बाद यूडीए और प्रशासन की टीम गुरुवार को लौट आई।

पीपलीनाका-भैरवगढ़, पीपलीनाका- तिलकेश्वर और पीपलीनाका-ओखलेश्वर रोड को 30 मीटर चौड़ा किया जाना है। पहले यह चौड़ाई 45 मीटर थी, स्थानीय रहवासियों की मांग पर इसे घटाकर ३० मीटर कर दिया गया था लेकिन रहवासी अब इस पर भी तैयार नहीं हैं। गुरुवार को उज्जैन विकास प्राधिकरण की टीम जब मकानों-दुकानों पर निशान लगाने पहुंची तो लोग धरने पर बैठ गए। पीपलीनाका चौराहे पर दिनभर धरना चला। चूंकि, यह पूरा इलाका आरएसएस का गढ़ है, ऐसे में इसके पदाधिकारियों से चर्चा का दौर चलता रहा। आखिर में यह तय हुआ कि एक बार फिर से यूडीए के अफसर मार्ग का सर्वे कर लें, ऐसे प्रभावित जो १०० फीसदी प्रभावित हो रहे हैं, उन्हें क्या राहत दी जा सकती है, उस पर विचार कर लें। कलेक्टर रौशनकुमार सिंह से हुई चर्चा के बाद प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया है।
चौड़ीकरण का विरोध नहीं बस रियायत चाहते हैं…
चौड़ीकरण और निर्माण का विरोध नहीं है। बस प्रभावित कुछ रियायत चाहते हैं। प्रस्तावित चौड़ाई में २५ फीसदी लोग ऐसे हैं, जिनके पूरे मकान चले जाएंगे, उनका नुकसान कैसे कम किया जा सकता है, इस पर विचार करने का अनुरोध किया था। इसे शासन-प्रशासन दोनों ने मान लिया है। दो दिन तक यह पता कर लेंगे कि क्या अच्छा किया जा सकता है। बाकी विकास तो बेहतर हो रहा है। उज्जैन पहली बार एक अद्भुत आयोजन के लिए तैयार हो रहा है।
– पारस गेहलोत
विभाग कार्यवाह, आरएसएस









