सगाई के बाद नाबालिग मंगेतर से किया दुष्कर्म, रिमांड पर आरोपी

एक माह तक शारीरिक शोषण किया और सगाई भी तोड़ दी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सगाई के बाद एक युवक ने अपनी ही 16 वर्षीय नाबालिग मंगेतर से दुष्कर्म किया और यह घटना किसी को बताने पर सगाई तोडऩे की धमकी दी। इसके बाद व लगातार एक माह तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। बाद में सगाई भी तोड़ दी। इसके बाद नाबालिग ने अपने परिजनों के साथ माकड़ौन थाने में प्रकरण दर्ज करवाया पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर सौंपा है।
पुलिस ने बताया कि 25 फरवरी को नाबालिग ने माकड़ौन थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वर्ष 2023 में उसकी सगाई विकास पिता अंतरसिंह निवासी ग्राम लडावत (शाजापुर) के साथ हुई थी। सगाई के बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी। 5 नवंबर 2025 को परिजन बाहर गए थे और पीडि़ता घर पर अकेली थी। इसी दौरान आरोपी ने घर पहुंचकर उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना किसी को बताने पर सगाई तोडऩे की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने लगभग एक माह तक मौका पाकर लगातार अपनी मंगेतर का शारीरिक शोषण किया।
इसके बाद उसने सगाई भी तोड़ दी जिसके बाद नाबालिग और उसके परिजनों ने पुलिस में शिकायत की। मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में प्रकरण दर्ज जांच शुरू की।
विशेष टीम ने माकड़ौन क्षेत्र से पकड़ा
मामला गंभीर होने से एएसपी देहात अभिषेक रंजन और एसडीओपी तराना भविष्य भास्कर के मार्गदर्शन में टीआई प्रदीप राजपूत ने विशेष टीम बनाई जिसने आरोपी की तलाश शुरू की। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर आरोपी विकास पिता अंतर सिंह सोलंकी को माकड़ौन से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार किया है। टीआई प्रदीप सिंह राजपूत ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर सौंपा गया। शुक्रवार को उसे दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।









