हमारे मप्र में जन्म से लेकर आजीवन पूजी जाती हैं बेटियां : सीएम डॉ. यादव

मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में हुए शामिल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जहां बेटियां जन्म से लेकर आजीवन पूजी जाती हैं, वह सिर्फ और सिर्फ अपना मध्यप्रदेश ही है। नारी सदैव पूजनीय हैं। हम अपने देश को भी जननी मानकर भारत माता की जय कहकर पूजते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेटियों और महिलाओं के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सरकार की योजनाएं महिलाओं के जीवन में हर कदम पर पक्की सहेली बनकर उनके साथ खड़ी हैं। मुख्यमंत्री बुधवार को दमोह जिले के हटा में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन सह शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना के कारण प्रदेश के लिंगानुपात में व्यापक सुधार हुआ है। साथ ही बेटियों के प्रति समाज की सोच में भी सकारात्मक परिवर्तन आया है। लाड़ली बहनों की प्रगति और आशीर्वाद से ही प्रदेश में समृद्धि आ रही है। यादव ने दमोह जिले के लिए 405 करोड़ 58 लाख रुपए से अधिक की लागत के 13 विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया।
नाम बदला : हटा अब बनेगा शिवकाशी
मुख्यमंत्री ने हटावासियों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी करते हुए हटा का नाम बदलकर इसे शिवकाशी नाम देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हटा देवश्री गौरीशंकर की नगरी है, इसलिए अब इसे शिवकाशी के रूप में ही जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि हटा में नवीन आईटीआई भवन बनाया जाएगा। हटा में सर्वसुविधायुक्त नवीन नगर पालिका भवन एवं गीता भवन भी निर्मित किया जाएगा।
हर खेत को सिंचाई
के लिए पानी मिलेगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन-बेतवा नदी लिंक परियोजना के जरिए बुंदेलखंड के हर खेत को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। खेतों में फसलें लहलहाएंगी, अब हटा से कोई रोजगार की तलाश में बाहर नहीं जाएगा। प्रदेश में सिंचाई का रकबा अब 55 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है। इसमें 10 लाख हेक्टेयर रकबा तो पिछले 2 साल में ही बढ़ा है। सरकार का लक्ष्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाना है।









