समारोह से पहले फाइनल रिहर्सल, शाम को भी होगी

सम्राट विक्रमादित्य विवि का 30वां दीक्षांत समारोह कल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय का 30वां दीक्षांत समारोह 17 मार्च को होगा। इसमें पीएचडी उपाधि धारकों को डिग्रियां और स्नातक एवं स्नातकोत्तर में प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे। कुल 178 विद्यार्थियों को उपाधियां और मेडल प्रदान किए जाएंगे। समारोह राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में होगा। दीक्षांत समारोह से एक दिन पहले सोमवार सुबह विवि परिसर स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में फाइनल रिहर्सल की गई। इसमें पंजीयन कराने वाले सभी पात्र अभ्यर्थी निर्धारित वेशभूषा में शामिल हुए। शाम 4 बजे एक बार फिर से रिहर्सल होगी।
कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज ने बताया कि इस बार कुछ विदेशी मेहमानों को भी इसमें शामिल किया गया है। विवि के कुलानुशासक डॉ. शैलेंंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि दीक्षांत समारोह में 74 विद्यार्थियों को पीएचडी की उपाधियां, एक अभ्यर्थी को डी.लिट् की उपाधि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा और स्नातक एवं स्नातकोत्तर की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पंजीकृत १०३ विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे।
रोशनी से जगमगाई बिल्डिंग, पेड़-पौधों पर भी लाइटिंग
दीक्षांत समारोह के लिए सोमवार को विवि परिसर में तैयारियां चलती रहीं। मुख्य बिल्डिंग और स्वर्ण जयंती सभागार को रोशनी से सजाया गया है। पेड़-पौधों पर भी लाइटिंग की गई है। इसके अलावा रंगरोगन का काम भी किया जा रहा है। स्वर्ण जयंती सभागार में रेड कारपेट बिछाया गया है।
कृषि अध्ययनशाला के पास पहले होने वाला था समारोह
पहले विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह को कृषि अध्ययनशाला के पास आयोजित करवाना चाहता था लेकिन ढाई साल बाद भी बिल्डिंग का काम पूरा नहीं होने से समारोह का स्वर्ण जयंती हॉल में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।









