अटलजी की लग नहीं पाई, अब तीन पूर्व दिवंगत महापौरों की प्रतिमा का प्रस्ताव

नगर निगम सम्मेलन: एमआईसी के प्रस्ताव पर भाजपा पार्षदों ने लगाए पूरक प्रस्ताव
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। जमीनी मुआयना करने के बाद भी आठ महीने में पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी की प्रतिमा नहीं लगा पाने वाली नगर निगम परिषद् ने सोमवार को बजट के साथ तीन पूर्व दिवंगत महापौरों की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव पारित कर दिया। भाजपा पार्षदों ने अपनी ही एमआईसी से पारित बजट में 30 से ज्यादा पूरक प्रस्ताव रख दिए। यह सभी मान भी लिए गए। बजट पास करने वाली एमआईसी के सदस्यों में से शिवेंद्र तिवारी को छोड़कर बाकी सब चुप्पी साधे रहे। बजट लीक होने का मुद्दा भी पार्षद नीलम कालरा ने उठाया और मीडियाकर्मियों को कठघरे में खड़ा किया।
दरअसल नगर निगम उज्जैन का स्थगित सम्मेलन सोमवार को सभापति कलावती यादव की अध्यक्षता में हुआ। महापौर मुकेश टटवाल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का प्रस्तावित बजट प्रस्तुत किया। 4592 करोड़ के बजट में 22.50 लाख रुपए बचत बताई गई है। चौड़ीकरण सहित कई काम करने के प्रस्ताव नगर निगम ने रखे हैं।
30 से अधिक पूरक प्रस्ताव शामिल
एमआईसी से पारित बजट में पार्षदों की अनुशंसा पर 30 से अधिक पूरक प्रस्तावों को शामिल करने की सहमति दी गई। इनमें अधिकतर प्रस्ताव भाजपा पार्षदों के हैं। यानी यह एमआईसी बजट से अलग हैं। इनमें महापौर गेर की जगह बदलने का प्रस्ताव भी शामिल है। पुरुषोत्तम मालवीय के पूरक प्रस्ताव को गजेंद ्रहिरवे ने बल दिया। यानी गेर की मद तो रखी गई है लेकिन स्थान नहीं रखा गया है। 30 से ज्यादा पूरक प्रस्ताव आने पर एमआईसी के एक भी सदस्य ने बहस करना उचित नहीं समझा। लोक निर्माण समिति प्रभारी शिवेंद्र तिवारी ने विपक्ष की घेराबंदी पर सत्ता पक्ष की तरफ से बचाव किया। हद तो यह रही कि पूरक प्रस्तावों का वाचन तक नहीं
किया गया।
दो कांग्रेस और एक जनसंघ के नेता
निगम परिषद ने तीन पूर्व महापौर सोनी मैहर, सत्यनारायण जोशी (कांग्रेस) और पं. राधेश्याम उपाध्याय (जनसंघ) की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव भी पारित किया। हालांकि पूर्व पीएम अटलबिहारी वाजपेयी की प्रतिमा अब तक क्यों नहीं लगी, इस पर सदन ने खामोशी अख्तियार कर ली। करीब आठ महीने पहले चामुंडा माता के पास स्थित नगर वन में प्रतिमा स्थापना के लिए जगह भी फाइनल कर दी गई थी। नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने बताया कि सोनी मैहर, पं. राधेश्याम उपाध्याय और सत्यनारायण जोशी की प्रतिमा स्थापित करने की मंजूरी दी गई है।
50 लाख रुपए से ठीक होंगे शहर के कब्रिस्तान…. परिषद ने 50 लाख रुपए से शहर के कब्रिस्तान ठीक करने का प्रस्ताव भी मंजूर कर लिया।
बजट पूरी तरह काल्पनिक और ब्रांडिग वाला-नेता प्रतिपक्ष
नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने कहा कि बजट काल्पनिक और ब्रांडिंग वाला है। वित्तीय वर्ष 25-26 में भी 4500 करोड़ का प्रावधान किया गया था और इस वर्ष भी इतनी ही राशि का बजट लाया गया है। हकीकत यह है कि पिछले वित्तीय वर्ष में निगम सिर्फ 550 करोड़ रुपए ही खर्च कर पाया। लगभग दो दर्जन खेल प्रतियोगिताएं हुईं ही नहीं। योगेश्वर टेकरी पर कार्यक्रम, रामलीला मंचन और झांज मंजीरे के लिए भी कोई राशि आवंटित नहीं की गई। निगम की सड़कों पर पीडब्ल्यूडी और विकास प्राधिकरण काम कर रहे हैं।
आंकड़ों में बजट
कुल आय- 4592.18 करोड़
कुल व्यय- 4591.95 करोड़
अनुमानित बचत- 22.50 लाख
विशेष-सिंहस्थ कार्यों के लिए बड़े प्रावधान और पीएम आवास के लिए 200 करोड़।









