हरियाखेड़ी जल आवर्धन योजना सिंहस्थ के पहले शुरू करें : संभागायुक्त सिंह

उज्जैन। भविष्य की जल चुनौतियों और सिंहस्थ 2028 के दौरान श्रद्धालुओं को सुचारू पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम उज्जैन द्वारा हरिया खेड़ी जल आवर्धन परियोजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। रविवार को संभाग आयुक्त आशीष सिंह ने परियोजना स्थल का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की बारीकियों को समझा और अधिकारियों को समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संभाग आयुक्त ने कहा कि उज्जैन शहर की आबादी विस्तार और सिंहस्थ जैसे महापर्व को देखते हुए जल आपूर्ति के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना अनिवार्य है। हरिया खेड़ी परियोजना इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों और नगर निगम के अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और प्रोजेक्ट के विभिन्न चरणों की समीक्षा की।
गुणवत्ता और समय सीमा पर जोर
श्री सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना के पाइपलाइन विस्तार और पंपिंग स्टेशन के कार्यों में गति लाई जाए। ताकि सिंहस्थ 2028 से काफी पहले इस योजना का लाभ शहरवासियों को मिलना शुरू हो जाना चाहिए। कार्य के दौरान आ रही तकनीकी बाधाओं को तुरंत दूर कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
ननि को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। संभाग आयुक्त ने नगर निगम को निर्देशित किया कि वे परियोजना की मॉनिटरिंग के लिए एक विशेष टीम तैनात करें ताकि कार्य में किसी भी प्रकार का विलंब न हो। यह परियोजना उज्जैन शहर के लिए गेम-चेंजर साबित होगी, जिससे जल संकट की समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा।









