गुजरात के श्रद्धालु ने भेंट किए 29 किलो से ज्यादा चांदी के आभूषण

उज्जैन। भगवान महाकाल पर भक्तों की अटूट श्रद्धा है। प्रतिदिन दर्शन के लिए देशभर से हजारों श्रद्धालु मंदिर आते हैं और अपनी श्रद्धा अनुसार मंदिर को सामग्री व अन्य वस्तुएं भेंट करते हैं। इसी कड़ी में अहमदाबाद (गुजरात) से आए भक्त ने बाबा महाकाल को 29.941 किलो चांदी की सामग्री भेंट की जिसमें पगड़ी से लेकर चंद्रमा तक शामिल हैं।
दरअसल, अहमदाबाद से आए श्रद्धालु महेश भाई भगवान दास ठाकुर द्वारा भेंट की गई चांदी की सामग्रियों में चांदी की पगड़ी, गंगाजली युक्त मुकुट, नागफन जडि़त मुकुट, सूर्यकिरण जडि़त मुकुट, चंद्रमा लगा मुकुट, चांदी की मुंडमाला, कुंडल, कटोरा, धूपिया, गरुड़, डमरू घंटी, रुद्राक्ष माला, त्रिपुंड, चंवर, चंद्रमा, नेत्र आदि विशेष रजत शृंगार सामग्री शामिल हैं। इसका कुल वजन 29 किलो 941 ग्राम हैं। इस दौरान उप प्रशासक एसएन सोनी ने मंदिर प्रबंध समिति की ओर से श्रद्धालु महेश भाई का सम्मान किया।
महाकाल में चल रहे कामों का अफसरों ने लिया जायजा
उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर के प्रशासक प्रथम कौशिक ने सोमवार शाम श्री महाकाल महालोक का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए मौजूद सुविधाओं एवं परिसर में संचालित निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कामों को समयसीमा में पूरा करें। उन्होंने सुरक्षा प्रबंध, दर्शन मार्ग, पेयजल व्यवस्था, मेटिंग, छाया एवं सफाई व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। इस अवसर पर विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी जयंत राठौर, आईटी प्रभारी दीपक परमार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।









