आज पानी बचाकर रखें, क्योंकि कल नहीं होगी शहर में पानी की सप्लाय

नर्मदा-गंभीर पाइप लाइन टी-कनेक्शन का अधूरा काम आज पूरा करने का टारगेट, 14 दिन में दूसरी बार शट डाउन

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। नर्मदा-गंभीर पाइप लाइन टी कनेक्शन जोडऩे का अधूरा काम नगर निगम गुरवार को कर रहा है। इस कारण शट डाउन लिया गया है। शटडाउन के कारण टंकियां आज नहीं भर पाएंगी, ऐसे में शहरवासी पानी बचाकर रखें, क्योंकि शुक्रवार को शहर में जल सप्लाई नहीं होगी। नगरनिगम के पास वैकल्पिक इंतजाम भी नहीं है।
27 मार्च को ही नगर निगम के पीएचई विभाग ने भूखी माता मंदिर क्षेत्र स्थित उजडख़ेड़ा मार्ग पर 1000 एमएम की नर्मदा पाइपलाइन को 800 एमएम की गंभीर पाइपलाइन से जोडऩे का काम शुरू किया था। तब दावा किया गया था कि काम एक ही दिन में पूरा हो जाएगा, लेकिन तकनीकी कारणों और संसाधनों की कमी ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी। काम अधूरा रहने के कारण अब फिर से शटडाउन की नौबत आई है।
क्यों जरूरी है यह टी-कनेक्शन?
बैकअप सिस्टम-1000 एमएम नर्मदा लाइन को 800 एमएम गंभीर लाइन से जोडऩे पर शहर को एक स्थायी वैकल्पिक जल स्रोत मिल जाएगा।
आपातकालीन स्थिति- यदि गंभीर बांध में पानी कम होता है या मुख्य लाइन में खराबी आती है, तो इस सिस्टम से आपूर्ति सुचारू रखी जा सकेगी।
गर्मी की तैयारी- गंभीर बांध में सीमित जल भंडार है, जिसे जून तक चलाना चुनौती है। ऐसे में नर्मदा का पानी बड़ा सहारा बनेगा।
3 साल में भी अधूरा 1.88 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट
नगर निगम की यह परियोजना कछुआ चाल और विवादों के घेरे में रही है। साल 2023 में करीब 1.88 करोड़ रुपए की लागत से शुरू हुई इस योजना को महज दो महीने में पूरा होना था, लेकिन आज तीन साल बाद भी यह टी-कनेक्शन के स्तर पर अटकी हुई है।
इनका कहना
गुरुवार को पाइपलाइन जोडऩे का काम पूरा कर लिया जाएगा, ऐसा हमारा प्रयास है। लाइन जुडऩे के बाद पेयजल संकट की स्थिति में भी जलप्रदाय करने में सुविधा रहेगी।-प्रकाश शर्मा, प्रभारी जलकार्य समिति









