चिंतामणि पारसनाथ मंदिर के शिखर पर चढ़ी ध्वजा

जैन समाज ने बड़ी संख्या में दर्ज कराई उपस्थिति, मंदिर में है चमत्कारी प्रतिमा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। खाराकुआं स्थित श्री चिंतामणि पारसनाथ मंदिर में बुधवार को उल्लास छाया रहा। जैन समाज ने चमत्कारी पारसनाथ मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया। इससे पहले वरघोड़ा निकाला गया।
करीब तीन हजार साल पुरानी चिंतामणि पारसनाथ प्रतिमा को चमत्कारी माना जाता है। कहा जाता है कि इस मंदिर में जो भी आता है, वह खाली हाथ नहीं जाता। प्रतिमा के दिन में कई बार रूप बदलने की बात भी कही जाती है। वैशाख शुक्ल पंचमी पर मंदिर के शिखर पर ध्वजा चढ़ाई गई।
मंदिर से जुड़े देंवेंद्र कोठारी ने बताया कि ध्वज चढ़ाने से पहले राजेंद्र सूरिश्वर मंदिर नमकमंडी से वरघोड़ा निकाला गया। इसमें साध्वी वृंद ने शामिल होकर आशीर्वाद दिया। वरघोड़ा मंदिर पहुुंचा और यहां विधिविधान से शिखर पर ध्वजा चढ़ाई गई। इस मौके पर स्वर्णिक कोठारी, रमेश कोठारी, नितेश जैन, अशोक जैन, राकेश जैन, सुजानमल जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।









