दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, टेकऑफ के दौरान स्विस प्लेन में लगी आग

नई दिल्ली|दिल्ली के Indira Gandhi International Airport पर शनिवार देर रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। Swiss International Air Lines की फ्लाइट LX147 टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी खराबी का शिकार हो गई, जिससे विमान के एक इंजन में आग लग गई।

टेकऑफ से पहले इंजन फेल, पायलट ने रोका विमान
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट रात 1:08 बजे ज्यूरिख के लिए उड़ान भरने वाली थी। इसी दौरान रनवे पर पहुंचते ही विमान के बाएं इंजन से धुआं निकलता दिखा और आग लग गई। पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए विमान को रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इमरजेंसी स्लाइड से यात्रियों को निकाला गया
घटना के बाद तुरंत इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया और विमान में मौजूद सभी यात्रियों को स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान 6 यात्री घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
एयरबस A330 विमान में आई खराबी
एयरलाइन के बयान के अनुसार, यह विमान Airbus A330 था। घटना के बाद एयरलाइन की स्थानीय टीम और एयरपोर्ट स्टाफ मौके पर पहुंच गए और यात्रियों की मदद की गई। कंपनी ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच की जाएगी।
10 दिनों में दूसरा बड़ा एयरपोर्ट हादसा
गौरतलब है कि दिल्ली एयरपोर्ट पर पिछले 10 दिनों में यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले 16 अप्रैल को स्पाइसजेट और अकासा एयर के विमानों की टक्कर का मामला सामने आया था। हालांकि उस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था।









