कार में तोडफ़ोड़ करने वाले दो बदमाश पकड़ाए, नुकसान की करवाई भरपाई

जुलूस निकाला और उठक-बैठक लगवाई

उज्जैन। देवास रोड स्थित मिशन कम्पाउंड में हुई कार में तोडफ़ोड़ की घटना में माधवनगर पुलिस ने नाबालिग सहित दो बदमाशों को हिरासत में लिया है। नुकसान की भरपाई भी बदमाशों से ही करवाते हुए साढ़े सात हजार रुपए कार मालिक को दिलवाए गए। उसी जगह पर जुलूस निकाल उठक-बैठक लगवाई।
आश्रय होटल के समीप मिशन कम्पाउंड में रहने वाले संदीपकुमार मीणा की कार घर के बाहर खड़ी थी। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाश गाड़ी के कांच फोड़कर फरार हो गए। फरियादी ने सुबह कार के कांच फूटे देखे तो माधवनगर थाने में शिकायत की। कैमरे के फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करवाए थे जिसमें दो युवक बाइक दूर खड़ी कर पैदल आकर पत्थर से कार को क्षतिग्रस्त करने के बाद भागते दिखाई दे रहे थे।
मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज देखे और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद मुखबिरों को काम पर लगाया जिसके बाद संदिग्धों की पहचान करते हुए आकाश उर्फ अक्की उर्फ बब्बू पिता राजू गोस्वामी (22) निवासी बागपुरा और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने घटना करना स्वीकार किया। इसके बाद उनसे ही नुकसान की भरपाई करवाई गई। इधर, फरियादी संदीप मीणा का कहना है कि यह वारदात दिलीप मकवाना के कहने पर की गई थी जो अब भी फरार है।
तीसरे युवक की तलाश
फरियादी ने एक और नाम बताया है जिसके कहने पर वारदात को अंजाम दिया गया था लेकिन सीसीटीवी फुटेज में दो ही युवक दिखाई दे रहे हैं। जांच के बाद उक्त युवक को भी पकड़ लिया जाएगा।
– गजेंद्र पचौरिया
टीआई, थाना माधवनगर
View this post on Instagram









