सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 साल पूरे, PM मोदी ने किया शिवाभिषेक

गुजरात के Somnath Temple में सोमवार को मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने पर भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर “सोमनाथ अमृत महोत्सव” मनाया जा रहा है। स्वतंत्र भारत में पुनर्निर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 11 मई 1951 को हुई थी।कार्यक्रम में प्रधानमंत्री Narendra Modi ने करीब 2 किलोमीटर लंबा रोड शो करते हुए मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का अभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने रिमोट के माध्यम से मंदिर के कुंभाभिषेक कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 11 पवित्र तीर्थों के जल से मंदिर शिखर का अभिषेक किया गया। बताया गया कि मंदिर के शीर्ष पर कलश स्थापित करने के लिए 90 मीटर ऊंची क्रेन का उपयोग किया गया।
पूजा-अर्चना के बाद चेतक हेलिकॉप्टर से मंदिर परिसर में पुष्पवर्षा की गई। वहीं भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम ने मंदिर के ऊपर करीब 15 मिनट तक शानदार एयर शो प्रस्तुत किया।यह वर्ष सोमनाथ मंदिर के इतिहास में एक और कारण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्ष 1026 में आक्रमणकारी महमूद गजनवी ने मंदिर पर हमला कर इसे ध्वस्त किया था। उस घटना के भी इस साल एक हजार वर्ष पूरे हो गए हैं।









